बर्डोद सीएचसी का सीएमएचओ ने किया औचक निरीक्षण, भामाशाहों का जताया आभार

National

बड़ी पहल: अस्पताल में अब 37 की जगह होंगी 105 प्रकार की लैब जाँचें, HPV टीकाकरण के लिए किया जागरूक

कोटपुतली/ बर्डोद अलवर-बहरोड़ स्टेट हाईवे बस स्टैंड के समीप स्थित आर.आर. राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) का मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO)
डॉ. आशीष सिंह शेखावत ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और चिकित्सा कर्मियों को स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के उद्देश्य से डॉ. शेखावत ने अस्पताल में लैब जाँचों का दायरा बढ़ा दिया है। अब सीएचसी पर लैब जाँचों की संख्या 37 से बढ़ाकर 105 करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे स्थानीय मरीजों को छोटी-बड़ी जाँचों के लिए शहर के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

HPV टीकाकरण अभियान पर जोर

सरकार द्वारा चलाए जा रहे एचपीवी (HPV) फ्री वैक्सीनेशन अभियान के तहत सीएमएचओ ने लोगों को जागरूक किया। उन्होंने विशेष रूप से 14 से 15 साल की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए यह टीका लगवाने की अपील की। निरीक्षण के दौरान डॉ. शेखावत की उपस्थिति में एक किशोरी को एचपीवी का टीका भी लगाया गया।


अस्पताल के विकास और सुविधाओं के विस्तार में सहयोग देने वाले भामाशाहों को डॉ. शेखावत ने आभार पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से ही राजकीय संस्थानों में बेहतर आधारभूत ढांचा तैयार किया जा सकता है।इस कार्यक्रम के दौरान सीएचसी चिकित्सा अधिकारी एवं नवजात शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अवनीश यादव, पूर्व सरपंच सुनील भारद्वाज, प्रधान सैनी समाज महावीर प्रसाद सैनी, पूर्व सरपंच राजाराम, संजीव यादव, प्रेम आढ़ती, तेजराम सहित अस्पताल स्टाफ और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *