अधोगिक क्षेत्र घिलोठ से जा रही ऑक्सन गैस से भरी एक पिकअप कुतीना चौक से पहले पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ड्राइवर धर्मबीर ने बताया कि अचानक एक मोटरसाइकिल सवार सामने आ गया, जिससे गाड़ी का बैलेंस बिगड़ गया और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
जानकारी के अनुसार पिकअप में कुल 32 गैस सिलेंडर भरे हुए थे, जिन्हें टांकड़ी में खाली करने के लिए ले जाया जा रहा था। ड्राइवर के मुताबिक इनमें से 16 सिलेंडर तनवी गैस प्लांट, चावंड माता मंदिर से भरे गए थे, जबकि 16 सिलेंडर नयागांव स्थित बालाजी गैस प्लांट से लोड किए गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही शाहजहांपुर थाना अधिकारी प्रकीता सिंह माढ़ण और थाना अधिकारी किरण सिंह पुलिस जाब्ते सहित मौके पर पहुंचीं। वहीं सूचना पर नीमराना फायर ब्रिगेड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।
तेज धूप के कारण सिलेंडर काफी गर्म हो रहे थे, जिससे सड़क पर पड़े सिलेंडरों को हाथ लगाना भी मुश्किल हो रहा था। फायर ब्रिगेड की टीम ने पानी का छिड़काव कर स्थिति को नियंत्रित किया और सुरक्षा के साथ गैस सिलेंडरों को दूसरी गाड़ी में शिफ्ट किया।
स्थानीय लोगों के अनुसार घटना स्थल से करीब एक किलोमीटर दूरी पर फायर ब्रिगेड उपलब्ध होने के बावजूद वह समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी, जिसके बाद नीमराना से फायर ब्रिगेड को बुलाना पड़ा। बताया जा रहा है कि करीब 40 मिनट तक ऑक्सन गैस का रिसाव होता रहा। लोगों ने आरोप लगाया कि कंपनी के पास गैस रिसाव रोकने के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे।
दोनों थाना अधिकारियों ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए क्रेन की सहायता से ऑक्सीजन सिलेंडरों को दूसरी गाड़ी में लोड करवाया।
फिलहाल माढ़ण पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
