नीमराणा में अटल जन सेवा शिविर के तहत जनसुनवाई आयोजित, अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने सुने आमजन के परिवाद, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

National

ईएसआईसी हॉस्पिटल निर्माण के लिए चिह्नित भूमि का किया अवलोकन

कोटपूतली-बहरोड़, 14 मई। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण ने गुरुवार को नीमराणा क्षेत्र का दौरा कर पंचायत समिति कार्यालय में आयोजित अटल जन सेवा शिविर के अंतर्गत ब्लॉक स्तरीय जनसुनवाई में आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं क्षेत्रवासी आधारभूत सुविधाओं से संबंधित परिवाद लेकर पहुंचे, जिनके शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।

अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि आमजन को राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित किया जाए, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। उन्होंने जनसुनवाई के दौरान प्राप्त परिवादों पर संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान उन्होंने नीमराणा में प्रस्तावित ईएसआईसी हॉस्पिटल निर्माण के लिए चिह्नित भूमि का अवलोकन भी किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि क्षेत्र के कर्मचारियों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराया जाए।

इस अवसर पर उन्होंने हॉस्पिटल के मार्ग से अतिक्रमण हटाने हेतु प्रशासन एवं रीको द्वारा की गई कार्यवाही का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुनः अतिक्रमण न हो तथा मार्ग में किसी प्रकार का अवरोध उत्पन्न नहीं होने पाए, इसके लिए नियमित निगरानी एवं आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

इस दौरान उपखण्ड अधिकारी नीमराणा महेंद्र यादव, रीको आरएम राहुल भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *