विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर थाना बानसूर परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर थाना प्रभारी श्री राजेश यादव के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों एवं गणमान्य नागरिकों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

थाना प्रभारी श्री राजेश यादव ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ जीवन की आधारशिला भी हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण को जनआंदोलन बनाना होगा तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प भी लेना होगा।

कार्यक्रम में भाजपा जिला मंत्री हेमलता सिसोदिया, निरंजन लाल ठेकेदार, पूर्व जिला संयोजक आईटी सेल विजय कुमावत सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन एवं हरियाली बढ़ाने के लिए अधिकाधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया।
उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि एक पौधा केवल पेड़ नहीं, बल्कि स्वच्छ हवा, शुद्ध वातावरण और आने वाले कल की सुरक्षा का प्रतीक है। यदि प्रत्येक व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे तो क्षेत्र को हरा-भरा बनाने का सपना साकार हो सकता है।
🌱 “हर पौधा प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी है, आइए वृक्ष लगाकर धरती को हरियाली की नई सौगात दें।” 🌱
