11 हजार केवी लाइन की चपेट में आया डंपर, धू-धू कर जला; चालक झुलसा, बाल-बाल बची जान

National

यादव की ढाणी के पास 200 फीट सड़क पर सड़क किनारे चल रहे निर्माण कार्य के दौरान रविवार को बड़ा हादसा हो गया। मिट्टी खाली करने के लिए जैक से ऊपर उठाया गया डंपर ऊपर से गुजर रही 11 हजार केवी की विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। लाइन के संपर्क में आते ही डंपर में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते वह धू-धू कर जलने लगा।

हादसे के दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए डंपर से कूदकर अपनी जान बचाई। हालांकि करंट लगने से चालक ज्याननारण झुलस गया। ठेकेदार के अनुसार चालक को हल्का करंट लगा था, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बताया जा रहा है कि हाई वोल्टेज विद्युत लाइन से करंट लगने के कारण यह हादसा हुआ।

जानकारी के अनुसार सड़क की साइड में टाइल लगाने का काम चल रहा था। इसी दौरान डंपर में मिट्टी खाली की जा रही थी। मिट्टी खाली करने के लिए जैसे ही डंपर का जैक ऊपर उठा, डंपर का ऊपरी हिस्सा विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। इसके बाद डंपर में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि फायर ब्रिगेड के मौके पर पहुंचने से पहले ही डंपर पूरी तरह जलकर राख हो गया।

विद्युत विभाग में नुकसान की भरपाई की जाएगी

विद्युत विभाग के जेईएन दिनेश सिंह ने बताया कि हादसे के संबंध में डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग को हुए नुकसान की भरपाई भी की जाएगी।

हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *