कार्यालय महानिदेशक भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, राजस्थान प्रेस

National

सांभर लेक, जयपुर ग्रामीण में थानाधिकारी 50,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

जयपुर, 13 सितम्बर 2026। ए.सी.बी. मुख्यालय के निर्देश पर ए.सी.बी. जयपुर नगर-प्रथम, जयपुर इकाई द्वारा आज कार्रवाई करते हुए श्री राममिलन मीणा, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी, पुलिस थाना सांभर लेक, जयपुर ग्रामीण को परिवादी से 50,000 रुपये रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।

    भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस श्री गोविन्द गुप्ता ने बताया कि ए.सी.बी. जयपुर नगर-प्रथम, जयपुर इकाई को एक लिखित शिकायत इस आशय की मिली कि परिवादी के पिताजी के नाम की फर्म को पीडब्ल्यूडी विभाग से प्राप्त सड़क निर्माण कार्य को थाना क्षेत्र में निर्बाध रूप से चालू रखने की एवज में श्री राममिलन मीणा, पुलिस निरीक्षक द्वारा हर माह 20,000 रुपये रिश्वत की मांग कर परेशान किया जा रहा है। रिश्वत राशि नहीं देने पर परिवादी की निर्माण साइट पर लगे वाहनों एवं कर्मचारियों को थाने ले जाकर परेशान किया जा रहा था।

    जिस पर श्री ओमप्रकाश मीणा, उप महानिरीक्षक पुलिस-द्वितीय के सुपरवीजन में श्री भूपेन्द्र, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, ए.सी.बी. जयपुर नगर-प्रथम, जयपुर के नेतृत्व में श्री मनोज कुमार शर्मा, पुलिस निरीक्षक द्वारा रिश्वत मांग का सत्यापन करवाया गया। सत्यापन के दौरान आरोपी श्री राममिलन मीणा द्वारा प्रत्येक माह 10,000 रुपये के हिसाब से कुल 50,000 रुपये रिश्वत राशि की मांग करना पाया गया।
    इस पर आज ट्रैप टीम के साथ ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी श्री राममिलन मीणा पुत्र श्री राधेश्याम मीणा को परिवादी से 50,000 रुपये रिश्वत राशि थानाधिकारी कक्ष में लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

    एसीबी की महानिरीक्षक पुलिस श्रीमती एस. परिमला के सुपरवीजन में आरोपी से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा।

    -किसी व्यक्ति के विरुद्ध एसीबी में प्रकरण ( अभियोग, प्राथमिक जांच, आदि) दर्ज होने पर , ACB से सीधे संपर्क कर अपना पक्ष/स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया जा सकता है
    प्रस्तुत स्पष्टीकरण के ACB द्वारा विस्तृत विश्लेषण के उपरांत ही अनुसंधान में निर्णय लिया जाना ACB की कार्य प्रणाली का हिस्सा है
    यह जानकारी एसीबी के डर से धोखाधड़ी आदि के शिकार होने की संभावना के संदर्भ में महत्वपूर्ण है

    भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के टोल फ्री नम्बर 1064 एवं व्हाट्सएप हेल्पलाईन नम्बर 94135-02834 पर 24X7 सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरूद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। एसीबी आपके वैध कार्य को करवाने में पूरी सहायता करेगी।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *