बानसूर (कोटपूतली-बहरोड़)। ग्राम पंचायत होलावास के गांव छाटक्या में गुरुवार सुबह एक किसान के कच्चे छप्पर में लगी भीषण आग ने सब कुछ तबाह कर दिया। इस हृदयविदारक घटना में किसान की 17 बकरियों की जलकर मौत हो गई, साथ ही घर में रखा अनाज, चारपाई व अन्य जरूरी सामान जलकर राख हो गया।

पीड़ित किसान को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।ग्राम पंचायत प्रशासक सतपाल चौधरी ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे छाटक्या निवासी किसान हुक्म सिंह शेखावत के कच्चे छप्पर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक आग सब कुछ नष्ट कर चुकी थी।

घटना में किसान की 17 बकरियां आग की भेंट चढ़ गईं, जो कि किसान के परिवार की आजीविका का एकमात्र जरिया थीं। किसान हुक्म सिंह ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला। आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन और पटवारी को दी गई है। ग्राम पंचायत प्रशासक सतपाल चौधरी ने प्रशासन से पीड़ित किसान की स्थिति को देखते हुए शीघ्र सर्वे करवाने और उसे उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है, ताकि किसान को दोबारा अपना जीवन शुरू करने में मदद मिल सके।
