कोटपूतली-बहरोड़, 30 अप्रैल। जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी 3 मई को होने वाली नीट परीक्षा के जिले में सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बैठक के दौरान परीक्षा को लेकर जिले में की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा केन्द्रों पर उचित छाया, पेयजल और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था के साथ ओआरएस के पैकेट और पास में ही एम्बुलेंस उपलब्ध रखने के भी निर्देश दिए। साथ ही, अभ्यर्थियों और आमजन की सुविधा के लिए सुरक्षा और परिवहन की उचित व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

जीरो टोलरेंस नीति के आधार पर होगी नीट परीक्षा—
जिला कलेक्टर ने बताया कि नीट परीक्षा का आयोजन जिले 19 केन्द्रों पर होगा। उन्होंने कहा कि इस परीक्षा के दौरान राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी द्वारा जीरो टोलरेंस नीति को अपनाया जाएगा। इस आधार पर अभ्यर्थी और परीक्षा पर्यवेक्षक नियमों का पालना सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि परीक्षा केन्द्रों पर अनाधिकृत प्रवेश पूर्णतः वर्जित होगा। किसी भी स्तर पर कोई भी जानकारी लीक होने पर तत्काल आपराधिक कार्रवाई और पुनर्विचार शुरू हो जाएगा।सुरक्षा कक्ष, परिवहन केंद्र या केंद्र की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक को आपराधिक लापरवाही माना जाएगा।सोशल मीडिया लीक-ऑनलाइन उपलब्ध कोई भी प्रश्नपत्र सामग्री, FIR और साइबर अपराध का कारण बन सकती है।
समय से पहले बाहर जाना प्रतिबंधित है।
उन्होंने बताया कि परीक्षा के सफल आयोजन के लिए उचित मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा के दिन परीक्षा केन्द्रों के 300 मीटर के दायरे में ई मित्र फोटो कॉपी और साइबर कैफ़े जैसी दुकानें बंद रहेंगी। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा शांति और निष्पक्षता के साथ हो इसके लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करेंगे।
अभ्यर्थियों के लिए रूट चार्ट और एडवाइजरी करें जारी —
जिला कलेक्टर ने बताया कि नीट परीक्षा वाले दिन आरटीओ और डीटीओ को परिवहन के उचित इंतज़ाम के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी एडमिट कार्ड में दिए गए निर्देशों की पालना सुनिश्चित करते हुए समय से परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे जिससे कि किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों की सहूलियत के लिए परीक्षा केंद्रों के रूट चार्ट जारी कर इसका प्रचार प्रसार करें, परीक्षा केंद्रों की जानकारी हेतु साइन बोर्ड और एनी संकेतक लगायें साथ ही परीक्षा के दौरान क्या करें और क्या ना करें की एडवाइजरी और बरते जाने वाली सावधानियों की जानकारी भी देंवे।
इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी प्रकाश चंद मीणा एवं परीक्षा नोडल संजू जोशी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
—000—
