बानसूर में सूने मकान को बनाया निशाना, लाखों के आभूषण व नकदी चोरी

Kotputli-Behror Rajasthan

बानसूर कस्बे की किसान कॉलोनी में गुरुवार देर रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय परिवार के सदस्य एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए हुए थे।


प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित रणजीत सैनी अपने परिवार के साथ गुरुवार दोपहर करीब 11 बजे भाभरु में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान पीछे से मौके का फायदा उठाते हुए चोरों ने मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अंदर घुस गए। चोरों ने घर के कमरों में जमकर तलाश की और सामान को अस्त-व्यस्त कर दिया।
पीड़ित ने बताया कि रात करीब एक बजे जब वे परिवार सहित वापस लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो घर का पूरा सामान बिखरा पड़ा था। वहीं ऊपर के कमरे में रखी अलमारी को तोड़कर उसमें रखे करीब 70 हजार रुपए नगद, लगभग 7 तोला सोने के आभूषण और करीब 2 किलो चांदी के जेवर चोरी कर लिए गए थे।


घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने पीड़ित परिवार से पूरी जानकारी जुटाई और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरों की पहचान के लिए आसपास के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *