नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 : प्रथम चरण का मतदान शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न

National

जिले के 5 नगरीय निकायों के 199 वार्डों में 2,01,483 मतदाताओं में से 1,70,933 मतदाताओं ने किया मतदान, कुल मतदान प्रतिशत 84.84 प्रतिशत

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

कोटपूतली-बहरोड़, 9 सितंबर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत प्रथम चरण का मतदान बुधवार को जिले में शांतिपूर्ण, स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से संपन्न हुआ। प्रथम चरण में जिले के 5 नगरीय निकाय क्षेत्रों कोटपूतली, पावटा, विराटनगर, नारायणपुर एवं बानसूर के कुल 199 वार्डों में मतदान कराया गया। मतदान के लिए जिले में कुल 2,01,483 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 1,70,933 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार प्रथम चरण में कुल 84.84 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

निकायवार अंतिम मतदान प्रतिशत के अनुसार नगर परिषद कोटपूतली में कुल 96,262 मतदाताओं में से 82,099 मतदाताओं ने मतदान किया तथा मतदान प्रतिशत 85.29 प्रतिशत रहा। नगर पालिका पावटा में 46,814 मतदाताओं में से 38,739 मतदाताओं ने मतदान किया और मतदान प्रतिशत 82.75 प्रतिशत रहा। नगर पालिका विराटनगर में 17,648 मतदाताओं में से 15,224 मतदाताओं ने मतदान किया तथा मतदान प्रतिशत 86.26 प्रतिशत रहा। नगर पालिका नारायणपुर में 19,154 मतदाताओं में से 16,659 मतदाताओं ने मतदान किया तथा मतदान प्रतिशत 86.97 प्रतिशत रहा। वहीं नगर पालिका बानसूर में 21,605 मतदाताओं में से 18,212 मतदाताओं ने मतदान किया और मतदान प्रतिशत 84.30 प्रतिशत रहा।

मतदान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर अपर्णा गुप्ता तथा जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया, व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर तैनात मतदान दलों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

प्रथम चरण के मतदान के दौरान मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं तथा राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया गया। जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था पर निरंतर निगरानी रखी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *