मोलावास से डाक कांवड़ यात्रियों के दो और दल हरिद्वार रवाना, तीन दलों में 70 से अधिक श्रद्धालु शामिल

National

मोलावास। सावन माह में शिवभक्ति की अनूठी मिसाल पेश करते हुए गुरुवार को ग्राम मोलावास से डाक कांवड़ यात्रियों के दो और दल हरिद्वार के लिए रवाना हुए। इससे पहले बुधवार को एक दल यात्रा पर निकल चुका था। इस प्रकार तीन अलग-अलग दल भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए हरिद्वार की पावन यात्रा पर रवाना हुए हैं।

लेखक दीपदीपिका मोलावास ने बताया कि यात्रा पर रवाना होने से पूर्व सभी श्रद्धालुओं ने गांव के मंदिरों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया साथ ही बताया कि श्रद्धालु हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर 11 अगस्त को गांव के शिव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।

उनके बताये अनुसार इस वर्ष मोलावास से तीन अलग-अलग दलों में 70 से अधिक श्रद्धालु डाक कांवड़ यात्रा पर रवाना हुए हैं, जिससे पूरे गांव में शिवभक्ति और भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। समस्त ग्रामवासियों ने कांवड़ यात्रियों की सुखद, सफल एवं सकुशल यात्रा की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाओं के साथ विदा किया।

इस अवसर पर वर्तमान सरपंच अजित यादव, पूर्व सरपंच नरेंद्र यादव, निहाल, रामकिशन सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं मातृशक्ति उपस्थित रही। सभी ने कांवड़ यात्रियों को हरी झंडी दिखाकर हरिद्वार के लिए रवाना किया तथा उनकी सुखद, सफल एवं सकुशल यात्रा की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *