नांगल चौधरी।आज के दौर में जहां जन्मदिन पार्टियों और दिखावे पर अधिक खर्च किए जाते है वहीं युवा साथी ग्रुप हरियाणा एवं उड़ान जनसेवा ट्रस्ट ढाणी बाठोठा के सदस्यों ने समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। संस्था के कर्मठ सदस्य दीपक सैनी ने अपना जन्मदिन बाबा मुकंददास गोशाला में गायों को हरा चारा खिलाकर मनाया और गौसेवा का संदेश दिया।

इस अवसर पर संस्था के सदस्य मनोज ठाकुर ने बताया कि संगठन से जुड़े युवा सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते है। संस्था का उद्देश्य युवाओं में सेवा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। इसी सोच के तहत सदस्य अपने जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों पर अनावश्यक खर्च करने के बजाय गौसेवा, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्यों को महत्व देते है।
उन्होंने कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। गायों की सेवा करने से न केवल पुण्य की प्राप्ति होती है बल्कि समाज में करुणा और संवेदनशीलता का भाव भी बढ़ता है। दीपक सैनी के इस कदम से अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी कि वे अपने खुशियों भरे अवसरों को समाजहित के कार्यों से जोड़ें।
इस दौरान पवन गुर्जर, कुलदीप सहित संस्था के अन्य सदस्यों ने भी गौशाला में सेवा कार्य किया और दीपक सैनी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। सभी ने समाज में सेवा और सद्भावना के ऐसे कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
