आंगनबाड़ी केंद्रों में व्यवस्थाएं संतोषजनक, बच्चों के पोषण और शिक्षा पर विशेष ध्यान दें — अपर्णा गुप्ता

National

जिला कलेक्टर ने सांगटेडा और शेरपुर आंगनबाड़ी केंद्रों का किया निरीक्षण

कोटपूतली-बहरोड़, 13 मई। जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने बुधवार को कोटपूतली क्षेत्र के ग्राम सांगटेडा तथा बहरोड़ क्षेत्र के ग्राम शेरपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों पर संचालित पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा गतिविधियों का अवलोकन किया तथा व्यवस्थाओं की सराहना की।

निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर उपस्थित बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनकी गतिविधियों, पढ़ाई एवं पोषण संबंधी जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से केंद्र आने, स्वच्छता बनाए रखने तथा पौष्टिक आहार ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं से चर्चा कर केंद्र संचालन, बच्चों की उपस्थिति, पोषण ट्रैकिंग एवं रिकॉर्ड संधारण की जानकारी प्राप्त की।

जिला कलेक्टर ने केंद्रों पर उपलब्ध पोषण आहार की गुणवत्ता एवं वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि बच्चों एवं गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण पोषण आहार उपलब्ध कराया जाए तथा पोषण अभियान के उद्देश्यों की प्रभावी पालना सुनिश्चित की जाए।

इस दौरान जिला कलेक्टर ने काली बाई भील उड़ान योजनांतर्गत सेनेटरी नैपकिन की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पात्र बालिकाओं तक नियमित रूप से लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर उपस्थित अभिभावकों से भी संवाद कर व्यवस्थाओं, पोषण आहार एवं बच्चों की देखभाल को लेकर फीडबैक लिया। अभिभावकों ने केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं एवं गतिविधियों पर संतोष व्यक्त किया।

जिला कलेक्टर ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र ग्रामीण क्षेत्र में बच्चों के सर्वांगीण विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। यहां बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है, ताकि उनका शारीरिक एवं मानसिक विकास बेहतर तरीके से हो सके।

निरीक्षण के दौरान उपनिदेशक आईसीडीएस सतपाल यादव, बाल विकास परियोजना अधिकारी बहरोड़ सुधीर कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे। जिला कलेक्टर ने केंद्रों की साफ-सफाई, बच्चों के बैठने की व्यवस्था एवं शिक्षण गतिविधियों को संतोषजनक बताते हुए कार्मिकों की सराहना की।

—-०—-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *