जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) आमजन को निर्बाध पेयजल आपूर्ति के लिए सतत प्रयासरत

National

पीएचईडी ने संभाली पेयजल व्यवस्था की कमान, जिलेभर में युद्धस्तर पर कार्य जारी

जल जीवन मिशन और समर कंटिंजेंसी योजना से मजबूत हुई पेयजल व्यवस्था, त्वरित समाधान से आमजन को राहत

कोटपूतली-बहरोड़, 13 मई। जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता के निर्देशन में जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग द्वारा जिले में आमजन को सुचारू एवं निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने हेतु लगातार प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। भीषण गर्मी के मौसम को देखते हुए विभाग द्वारा समर कंटिंजेंसी योजना के अंतर्गत पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे जिलेवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

विभाग द्वारा आमजन की पेयजल संबंधी शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। सम्पर्क पोर्टल पर प्राप्त परिवादों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन एवं विभागीय अधिकारियों की सतत मॉनिटरिंग के चलते पेयजल आपूर्ति व्यवस्था पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है।

जल जीवन मिशन (जेजेएम) के अंतर्गत स्वीकृत विभिन्न परियोजनाओं एवं विभाग की बजट घोषणाओं से जुड़े कार्यों को भी तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है। इन कार्यों के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति प्रणाली को अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाया जा रहा है। पाइपलाइन विस्तार, जल स्रोतों के सुदृढ़ीकरण तथा आवश्यक तकनीकी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है।

जिले में किए गए एवं प्रगतिरत विभिन्न कार्य:

  • सुदारपुरा डाढ़ा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने हेतु कार्य तेज गति से किए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र के करीब 300 परिवारों को लाभ प्राप्त होगा।
  • ⁠ग्राम खड़ब में जल स्त्रोतों के सूख जाने के कारण पेयजल संकट उत्पन्न हो गया था। ग्राम में राज्य सरकार द्वारा त्वरित स्वीकृति जारी कर 02 नलकूपों का निर्माण करवाकर पेयजल उपलब्ध करवाकर लगभग 700 परिवारों को लाभ पहुंचाया गया।
  • ⁠ग्राम ज्ञानपुरा में व्याप्त पेयजल संकट निवारण के लिए 02 नलकूपों का निर्माण करवाकर त्वरित कार्यवाही करते हुए पेयजल उपलब्ध करवाकर समस्या का समाधान किया गया।
  • ⁠ग्राम चूरी में जल स्तर गहरा पाया जाने के कारण उत्पन्न पेयजल संकट के निवारण के लिए पम्पसेट बदलवाकर त्वरित समाधान करवाया गया।
  • ⁠ग्राम नारेहड़ा में सडक निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त पाईपलाईनप को त्वरित गति से बदलवाकर ग्राम को पेयजल उपलब्ध करवाया गया।⁠
  • ⁠शुक्ला का बास में नई ट्यूब वेल तैयार कर पेयजल आपूर्ति सुचारू कर ग्रामीणों की समस्या का समाधान किया गया।

अधीक्षण अभियंता पीएच ई डी रामनिवास यादव ने बताया कि जिले में जहां आवश्यकता महसूस की जा रही है, वहां आमजन को राहत प्रदान करने के लिए पानी के टैंकरों के माध्यम से निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। विभागीय टीमों द्वारा क्षेत्रवार स्थिति का लगातार आंकलन कर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

इसके अतिरिक्त जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में भी पेयजल संबंधी कार्य प्रगति पर हैं। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि गर्मी के मौसम में प्रत्येक नागरिक तक समय पर पर्याप्त एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पेयजल व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए तथा आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं तत्परता से समाधान सुनिश्चित किया जाए।

—-००००—

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *