जिला कलेक्टर ने फ्लैगशिप योजनाओं, बजट घोषणाओं, सम्पर्क प्रकरणों, ग्रीष्मकालीन व्यवस्थाओं एवं मिशन हरियालो राजस्थान की तैयारियों की समीक्षा की
कोटपूतली-बहरोड़, 8 जून। जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं, बजट घोषणाओं, विकास कार्यों, सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों तथा आमजन से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में उपखंड एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
जिला कलेक्टर ने फ्लैगशिप योजनाओं की राज्य स्तरीय रैंकिंग एवं ब्लॉकवार प्रगति का विश्लेषण करते हुए अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचे और प्रत्येक विभाग निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करे।

ग्रीष्मकालीन परिस्थितियों के मद्देनजर जिला कलेक्टर ने पेयजल, विद्युत एवं स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग को आंधी-तूफान से प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित मरम्मत, नियमित मॉनिटरिंग तथा आवश्यक अपग्रेडेशन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सके।
बैठक में वर्ष 2024-25, 2025-26 एवं 2026-27 की लंबित बजट घोषणाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने कार्यों में गति लाने तथा निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सम्पर्क पोर्टल पर प्राप्त परिवादों की समीक्षा के दौरान जिला कलेक्टर ने कहा कि आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता, जवाबदेही एवं गुणवत्ता के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण की गंभीरता से समीक्षा कर प्रभावी समाधान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, टैंकर संचालन की प्रभावी मॉनिटरिंग, जल जीवन मिशन के कार्यों को समय पर पूर्ण करने तथा समर कंटीजेंसी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा मौसमी बीमारियों की स्थिति एवं स्वास्थ्य प्रबंधन संबंधी तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की गई। जिला कलेक्टर ने आवश्यक दवाओं एवं जांच सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने, स्वास्थ्य सेवाओं की सतत मॉनिटरिंग रखने तथा आमजन को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने डेंगू एवं मलेरिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वायत्त शासन विभाग के समन्वय से एंटी लार्वा गतिविधियों एवं फोगिंग कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पेंशन सत्यापन कार्य शत प्रतिशत पूर्ण करने हेतु विशेष कार्य योजना बनाकर कार्य करने को कहा।

मिशन हरियालो राजस्थान कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने सभी विभागों को पौधारोपण लक्ष्यों की समयपूर्व तैयारी, जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति व्यापक जनजागरूकता विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित न रहकर जन आंदोलन का स्वरूप ग्रहण करे।
बैठक के अंत में जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को आपसी समन्वय, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करते हुए विकास योजनाओं एवं जनहितकारी कार्यक्रमों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद जगदीश प्रसाद, नगर परिषद आयुक्त अरुण शर्मा, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी रामवतार कुमावत, सीएमएचओ डॉ. आशीष शेखावत, अधीक्षण अभियंता पीएचईडी रामनिवास यादव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
