रक्तदान जीवनदान है, आपका एक यूनिट रक्त किसी की जिंदगी बचा सकता है।
नारनौल। शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती ब्रेन हेमरेज से पीड़ित मरीज के लिए अचानक आरडीपी (रैंडम डोनर प्लेटलेट्स) की आवश्यकता पड़ गई। ऐसे में युवा साथी ग्रुप हरियाणा एवं उड़ान जनसेवा ट्रस्ट ढाणी बाठोठा के सदस्य डॉ. भूपेंद्र सैनी ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत आरडीपी उपलब्ध करवाई। जिससे मरीज के उपचार में महत्वपूर्ण सहायता मिली।

मरीज के सुरजनवास गांव निवासी परिजनों ने संस्था और डॉ. भूपेंद्र सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर मिली सहायता उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं रही।
संस्था के सदस्य टिंकू प्रधान ने बताया कि संस्था केवल रक्तदान शिविरों का आयोजन ही नहीं करती बल्कि जरूरतमंद मरीजों को आपातकालीन रक्त, प्लेटलेट्स एवं अन्य रक्त घटक भी लगातार उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने कहा कि मानव सेवा के इस अभियान को आगे बढ़ाते हुए 11 जून को सैनी सभा नांगल चौधरी में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की ताकि जरूरतमंद मरीजों की समय पर सहायता की जा सके।
