कोटपूतली जिला जेल में कैदियों की भूख हड़ताल से मचा हड़कंप

National

मांगें नहीं मानी तो कैदियों ने खुद के हाथों पर रेजर चला लिया
करीब आधा दर्जन कैदियों के घायल होने की सूचना, दो जिला अस्पताल रेफर
चार कैदियों की हालत सामान्य, जेल में पहुंची चिकित्सकों की टीम
डीएलएसए सचिव नीलम मीणा समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे
जेल प्रशासन के अनुसार प्याज-मिर्ची की मांग को लेकर शुरू हुआ था विरोध, अब स्थिति शांत
कोटपूतली। कोटपूतली के गोपालपुरा स्थित जिला कारागृह में आज कैदियों की भूख हड़ताल के बीच कथित तौर पर खुद को रेजर से घायल करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद जेल प्रशासन से लेकर पुलिस और जिला प्रशासन तक हड़कंप मच गया। करीब आधा दर्जन कैदियों के घायल होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि कैदी अपनी मांगों को लेकर कल देर शाम से धरना देकर भूख हड़ताल पर बैठे थे।

मांगों पर सुनवाई नहीं होने से नाराज कुछ कैदियों ने कथित तौर पर अपने हाथों पर रेजर चला लिया। सूचना मिलते ही जेल में चिकित्सकों की टीम पहुंची और घायलों का प्राथमिक उपचार किया। जेल अधीक्षक मानाराम गर्ग ने बताया कि, बंदियों की मांग थी कि सब्जी के साथ मिर्ची और प्याज भी उपलब्ध कराया जाए। इसी मांग को लेकर कैदी धरने और भूख हड़ताल पर बैठे थे। उन्होंने बताया कि करीब आधा दर्जन बंदी घायल मिले, जिनमें दो की चोट अधिक होने पर उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया, जबकि चार की हालत सामान्य है।

घटना की सूचना के बाद डीएलएसए सचिव नीलम मीणा सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने जेल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और कैदियों से बातचीत कर मामला शांत कराने का प्रयास किया। जेल अधीक्षक के मुताबिक फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और सभी कैदियों ने खाना खा लिया है। वहीं, कैदियों द्वारा खुद को घायल करने की घटना को लेकर प्रशासन और पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *