भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, उपखंड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

National

बानसूर और नारायणपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में उपखंड कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस सिलेंडर के दामों में लगातार वृद्धि, बिजली-पानी की समस्या, सफाई व्यवस्था की बदहाली, बेरोजगारी और पेपर लीक जैसी घटनाओं को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद राज्यपाल के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की गई।


प्रदर्शन में पूर्व मंत्री शकुंतला रावत, कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में आमजन महंगाई और मूलभूत सुविधाओं के संकट से जूझ रहा है, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय केवल प्रचार में व्यस्त है।


सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री शकुंतला रावत ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम परिवारों का बजट बिगड़ गया है। पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस के बढ़ते दामों ने आमजन की परेशानियां बढ़ा दी हैं। वहीं बिजली और पानी की समस्याओं से ग्रामीण और शहरी क्षेत्र दोनों प्रभावित हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिल रहे हैं और बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों से युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। सरकार युवाओं की उम्मीदों पर खरी उतरने में विफल साबित हुई है। कांग्रेस जनता की आवाज बनकर लगातार उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करती रहेगी।प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों का शीघ्र समाधान करने तथा आमजन को राहत प्रदान करने की मांग की। इस दौरान कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *