प्रभारी मंत्री श्री विजय सिंह चौधरी ने की समापन समारोह में शिरकत, उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिला ‘जल गौरव सम्मान’
जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान, विश्व पर्यावरण दिवस पर किया वृक्षारोपण एवं पौध वितरण
कोटपूतली-बहरोड़, 05 जून। राज्य सरकार के निर्देशानुसार संचालित वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान का जिला स्तरीय समापन समारोह शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट परिसर में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में राज्यमंत्री, राजस्व, उपनिवेशन एवं सैनिक कल्याण विभाग तथा जिला प्रभारी मंत्री श्री विजय सिंह चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए अभियान के दौरान जिलेभर में किए गए जल संरक्षण कार्यों की सराहना की।
जल संरक्षण जनभागीदारी से ही होगा सफल : प्रभारी मंत्री

समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्री विजय सिंह चौधरी ने कहा कि जल संरक्षण केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बढ़ती जल चुनौतियों के बीच वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों का संरक्षण तथा जल के विवेकपूर्ण उपयोग को जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने आमजन से जल बचाने और भावी पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
अभियान के दौरान जिलेभर में हुई व्यापक गतिविधियां

समारोह में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत आयोजित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। अभियान के दौरान जोहड़ों, तालाबों, नहरों एवं अन्य जल स्रोतों की साफ-सफाई, श्रमदान, पौधरोपण, जल संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम, प्रभात फेरियां, रैलियां, शपथ ग्रहण समारोह, रात्रि चौपालों तथा विद्यालयों एवं ग्राम पंचायतों में विशेष गतिविधियों का आयोजन कर जल संरक्षण के प्रति व्यापक जनजागरूकता उत्पन्न की गई।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिला ‘जल गौरव सम्मान’
कार्यक्रम के दौरान अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 17 विभागों, संस्थाओं, कार्मिकों एवं सहभागियों को ‘जल गौरव सम्मान’ प्रदान कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने अभियान से प्राप्त सकारात्मक परिणामों पर प्रकाश डालते हुए भविष्य में भी जल संरक्षण संबंधी गतिविधियों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया। साथ ही उपस्थित जनों को स्वच्छता एवं जल संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर दिया हरित संदेश

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रभारी मंत्री, जिला प्रशासन एवं उपस्थित अधिकारियों द्वारा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही आमजन को तुलसी के पौधे वितरित कर अधिकाधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया गया।
25 मई से प्रारंभ हुआ था जन अभियान
वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान का शुभारंभ 25 मई 2026 को ग्राम सांगटेड़ा स्थित पीला जोहड़ पर जिला प्रभारी मंत्री विजय सिंह चौधरी, जिला प्रभारी सचिव वी. सरवण कुमार एवं जिला कलक्टर अपर्णा गुप्ता द्वारा किया गया था। अभियान के साथ ही जिले के सभी ब्लॉकों में भी कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने भागीदारी निभाई।
दिन-प्रतिदिन आयोजित हुए विविध कार्यक्रम
अभियान के तहत 26 मई को जल संरक्षण का संकल्प, अमृत सरोवर कार्यों का अवलोकन, 27 मई को जिले की गौशालाओं में स्वच्छता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा मीडिया प्रतिनिधियों को विभिन्न स्थलों का भ्रमण करवाकर जल संरक्षण गतिविधियों का अवलोकन कराया गया। 28 मई को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा प्रमुख स्थलों पर जल सेवा एवं जलाशयों की सफाई कार्यक्रम आयोजित किए गए।
29 मई को वन विभाग द्वारा जोहड़ों, तालाबों एवं नर्सरियों की साफ-सफाई कराई गई, जबकि 30 मई को जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग के कार्यक्रम में विभागीय निदेशक श्रीमती कल्पना अग्रवाल ने कार्यों का निरीक्षण कर पौधरोपण किया। 31 मई को वंदे गंगा रैली, प्रभात फेरी, जल स्रोतों की सफाई तथा जल संग्रहण संरचनाओं की डी-सिल्टिंग गतिविधियां संचालित की गईं।
1 जून को कृषि विभाग द्वारा किसानों के भ्रमण एवं कार्यशाला का आयोजन कर सूक्ष्म सिंचाई, उन्नत बीज एवं आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी प्रदान की गई। 2 जून को सरोवर पूजन, नहरों की सफाई कार्यों का अवलोकन एवं जल गुणवत्ता परीक्षण किया गया। वहीं 4 जून को जिलेभर में वृक्षारोपण पूर्व तैयारियां एवं रात्रि चौपालों का आयोजन कर नागरिकों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
जनभागीदारी बनी अभियान की सबसे बड़ी ताकत
अभियान के दौरान विभिन्न विभागों, स्वयंसेवी संगठनों, शिक्षण संस्थानों, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। व्यापक जनसहभागिता के माध्यम से जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए गए।
इस अवसर पर जिला कलक्टर अपर्णा गुप्ता, जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद जगदीश प्रसाद बैरवा, उपखंड अधिकारी योगेश देवल, नगर परिषद आयुक्त अरुण शर्मा, एक्सईएन वाटरशेड हरिमोहन बैरवा, क्षेत्रीय अधिकारी पोल्युशन कंट्रोल बोर्ड राजकुमार सेहरा सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
