यातायात नियमों के उल्लंघन पर कोटपूतली-बहरोड़ जिला पुलिस सख्त

National

01 से 30 जून तक चलेगा विशेष अभियान, एसपी सतवीर सिंह ने की वाहन मालिकों से अपील

कोटपूतली। बिल्लूराम सैनी)जिला पुलिस द्वारा वाहन चालकों के लिये विषेष जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है। जिसके तहत 01 से 30 जून तक एक महीने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करना है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प के तहत किसी भी प्रकार के नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। अभियान को लेकर पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि यह कार्यवाही केवल सामान्य चालान तक सीमित नहीं रहेगी। नियमों का गंभीर उल्लंघन पाये जाने पर मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत भारी आर्थिक दंड (जुर्माना) वसूलने के साथ-साथ वाहनों को सीज भी किया जा सकता है।

इसके अतिरिक्त बार-बार नियम तोड़ने वाले चालकों के ड्राईविंग लाइसेंस भी निलंबित किये जा सकते हैं। जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने जिले के सभी वाहन स्वामियों और चालकों से जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना हर नागरिक का कर्तव्य है। वाहनों में अवैध बदलाव और काली फिल्म जैसी गतिविधियां ना केवल नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के लिहाज से भी एक बड़ी चुनौती हैं। सभी वाहन मालिक स्वैच्छा से नियमों का पालन सुनिश्चित करें और अपने वाहनों से तत्काल काली फिल्म, प्रेशर हॉर्न और अनाधिकृत बत्तियां हटा लें, अन्यथा पुलिस विभाग इस पूरे महीने बेहद सख्त कानूनी कार्यवाही अमल में लायेगा। उन्होंने आमजन से भी आग्रह किया है कि वे यातायात नियमों को बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें ताकि सड़क दुर्घटनाओं और अवांछित गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

इन 04 प्रमुख अवैध मॉडिफिकेशन पर रहेगी सख्त नजर :- अभियान के तहत पुलिस मुख्य रूप से चार प्रकार के अवैध मॉडिफिकेशन के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करेगी। ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले प्रेशर हॉर्न का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नियमों के विरुद्ध या फैंसी नंबर प्लेट लगाने वालों पर कार्यवाही होगी। केवल नियमित और स्पष्ट नंबर प्लेट ही मान्य होंगी। बिना आधिकारिक अनुमति या गैर-अधिकृत वाहनों पर लाल-नीली बत्ती लगाने पर सख्त रोक है। वाहनों के शीशों पर काली फिल्म लगाने वालों के खिलाफ चालान काटे जायेगें ताकि शीशे साफ दिखें।

यातायात नियमों का पालन करने की अपील :- विशेष चेकिंग पोस्ट के माध्यम से पुलिस यातायात नियमों को सुनिश्चित करायेगी। इसके तहत कार चालकों के लिए सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य है। दुपहिया वाहन चालकों को सुरक्षा के लिये हेलमेट पहनना आवष्यक है। गाड़ी चलाते समय मोबाईल पर बात करना पूरी तरह प्रतिबंधित है। ओवर स्पीडिंग (तय गति से तेज गाड़ी चलाना) पर भारी जुर्माना लग सकता है। एसपी सतवीर सिंह ने वाहन चालकों से अपील की हैं कि नियमों का पालन करें, जुर्माने और कानूनी परेशानी से बचें। गति पर नियंत्रण रखें और सुरक्षित सफर का आनंद लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *