प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस पर देर रात हमला, गाड़ियों में तोड़फोड़; नकदी ले जाने का आरोप

big breking news

माढ़न। माढ़न क्षेत्र में 200 फीट रोड स्थित घिलोठ आश्रय के पास एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय पर देर रात अज्ञात बदमाशों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने कार्यालय और बाहर खड़ी कई गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ की। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि गाड़ियों में रखी नकदी भी बदमाश अपने साथ ले गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात के समय कार्यालय के बाहर खड़ी एक क्रेटा, एक स्कॉर्पियो, एक क्रेन सहित कुल चार वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए। इसके अलावा कार्यालय के शीशों को भी नुकसान पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चार वाहनों में सवार होकर करीब 20 से 25 लोग मौके पर पहुंचे थे और सभी ने अपने चेहरे ढके हुए थे।

प्रॉपर्टी डीलर चंद्र चौहान ने बताया कि वह घटना के समय कार्यालय की छत पर मौजूद थे। इसी दौरान अचानक आए लोगों ने कार्यालय और वाहनों पर हमला कर दिया तथा पथराव शुरू कर दिया। पथराव के दौरान एक पत्थर कार्यालय के ऊपरी हिस्से के शीशे पर लगा, जिससे शीशा टूट गया।

चंद्र चौहान के भाई दीवान सिंह ने आशंका जताते हुए कहा कि उनके कार्यालय के सामने स्थित एक धर्मकांटा और प्रॉपर्टी कार्यालय से जुड़े लोगों द्वारा हमला करवाया गया हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त कार्यालय में 10 से 15 युवक अक्सर आते-जाते रहते हैं।

घटना की सूचना मिलते ही माढ़न थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी हमलावर फरार हो चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।

पुलिस के अनुसार, अभी तक इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *