नांगल चौधरी में युवा साथी ग्रुप हरियाणा और उड़ान जनसेवा ट्रस्ट की अनूठी सेवा
नांगल चौधरी। भीषण गर्मी के बीच जहां बेजुबान पशु पक्षी पानी की कमी से जूझ रहे है वहीं युवा साथी ग्रुप हरियाणा और उड़ान जनसेवा ट्रस्ट ढाणी बाठोठा की नांगल चौधरी टीम लगातार उनकी सेवा में जुटी हुई है। टीम ने योगेश सैनी के नेतृत्व में ढाणी सैनियों स्थित एक पुरानी खेली जो लंबे समय से कूड़े-कचरे से भरी हुई थी उसकी साफ-सफाई कर उसे दोबारा उपयोग के योग्य बनाया और उसमें पानी भरकर बेजुबानों के लिए स्थायी जल व्यवस्था सुनिश्चित की। इस सेवा कार्य में हस्ती देवी जनकल्याण समिति अध्यक्षा पवित्रा राव का सहयोग रहा ।

योगेश सैनी ने बताया कि गर्मी के मौसम में पशुओं और पक्षियों को सबसे अधिक आवश्यकता पानी की होती है। इसी उद्देश्य को लेकर टीम क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर पानी की व्यवस्था, चारे की व्यवस्था तथा सकोरों के माध्यम से दाना-पानी उपलब्ध कराने का कार्य निरंतर कर रही है।
इस सेवा कार्य में कुलदीप, कुकु शर्मा, गोलू चौहान तथा सरपंच भीम सैनी ने भी सक्रिय सहयोग दिया। ग्रामीणों ने युवाओं की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को बेजुबानों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

सरपंच भीम सैनी ने कहा कि युवा साथी ग्रुप हरियाणा और उड़ान जनसेवा ट्रस्ट ढाणी बाठोठा के युवा टीम योगेश सैनी अपने साथियों के साथ जिस समर्पण के साथ बेजुबानों की सेवा कर रहे है वह समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि ढाणी सैनियों में वर्षों से उपेक्षित पड़ी खेली की सफाई कर उसमें पानी भरने का कार्य सराहनीय है। इससे क्षेत्र के पशुओं को गर्मी के मौसम में पानी उपलब्ध हो सकेगा।

उन्होंने कहा कि इंसानियत केवल लोगों की सेवा तक सीमित नहीं है बल्कि बेजुबानों की देखभाल करना भी हमारा नैतिक कर्तव्य है। ग्राम पंचायत भविष्य में भी ऐसे जनहित और जीव सेवा के कार्यों में पूरा सहयोग देती रहेगी। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास पशु-पक्षियों के लिए पानी और दाने की व्यवस्था करें तथा सेवा के इन प्रयासों में भागीदार बनें।
