महनपुर में किसान के टीनशेड में लगी आग,लाखों का नुकसान

National

बानसूर। क्षेत्र के ग्राम महनपुर में रविवार दोपहर एक किसान के घर अचानक भीषण आग लगने से चारा व घरेलू सामान जलकर राख हो गया। आगजनी की इस घटना में किसान को करीब एक लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है। प्राप्त जानकारी के अनुसार महनपुर गांव की निर्वाला वाला कुआं की ढाणी निवासी अजय सिंह शेखावत पुत्र ओमसिंह के टीनशेड में दोपहर करीब 12 बजे अचानक अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे टीनशेड को अपनी चपेट में ले लिया।

पड़ोसी कुलदीप सिंह ने बताया कि आगजनी में टीनशेड में रखा करीब डेढ़ सौ मण चारा, गेहूं के 4 कट्टे, एक चारपाई, स्प्रे मशीन सहित अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि टीनशेड भी क्षतिग्रस्त हो गया तथा मकान में दरारें तक आ गईं।


घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों की सूचना पर बानसूर नगर पालिका की दमकल गाड़ी भी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित किसान को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *