टूटी नालियों का पानी सड़क पर जमा, सड़क पर हुए गड्ढे
नीमकाथाना – शहर के शाहपुरा रोड शिव परिवार मंदिर से माण्डिया महाविद्यालय रोड पर वार्ड नं. 4 में नगर पालिका की बड़ी लापरवाही सामने आई है। मुख्य सड़क पर लगे ट्रांसफार्मर के ठीक नीचे से लगातार पानी बह रहा है। पास की टूटी नालियों के कारण गंदा पानी सड़क पर फैल रहा है, जिससे पूरी सड़क तालाब बन गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नालियां महीनों से टूटी पड़ी हैं। सफाई न होने से पानी की निकासी बंद है और अब यह पानी सड़क पर बहकर डामर को काट रहा है। जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। सबसे खतरनाक बात यह है कि बिजली के ट्रांसफार्मर के नीचे पानी जमा होने से करंट फैलने का डर बना हुआ है। बारिश में यह स्थिति और भयावह हो जाती है।

बुजुर्ग और दोपहिया वाहन चालक रोज जान जोखिम में डालकर यहाँ से गुजरते हैं। कई बार फिसलकर लोग चोटिल भी हो चुके हैं।
नागरिकों ने नगर पालिका में शिकायत की, पर आज तक न तो नाली ठीक हुई और न ही सड़क की मरम्मत।
मांग: तुरंत नालियों की सफाई व मरम्मत हो, ट्रांसफार्मर के पास पानी की निकासी का इंतजाम हो और टूटी सड़क को दुरुस्त किया जाए, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो।
