पीएम श्री स्कूल बोहानी के कृषि छात्रों ने संजय निकुंज नर्सरी में सीखा उन्नत खेती का हुनर,

National

20 दिवसीय ओजेटी (OJT) संपन्न

बोहानी।पीएम श्री शासकीय राघव कृषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बोहानी के कृषि ट्रेड के विद्यार्थियों ने व्यावहारिक ज्ञान और आधुनिक कृषि तकनीकों को सीखने के उद्देश्य से शासकीय संजय निकुंज नर्सरी फार्म में आयोजित 20-दिवसीय ‘ऑन जॉब ट्रेनिंग’ (OJT) को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। यह विशेष प्रशिक्षण सत्र 1 मई से 20 मई तक संचालित किया गया।


प्रशिक्षण के दौरान एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन भी किया गया, जिसमें क्षेत्र के कई वरिष्ठ कृषि विशेषज्ञों और प्रशासनिक अधिकारियों ने शिरकत की। संगोष्ठी के दौरान उपस्थित वरिष्ठ जनों ने अपने अनुभवों को साझा करते हुए छात्रों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर आधुनिक नर्सरी प्रबंधन, कृषि उद्यमिता (Agri-entrepreneurship) और स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।


20 दिनों के इस सघन प्रशिक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं ने केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहकर सीधे खेतों और नर्सरी बेड पर काम किया। विद्यालय के व्यावसायिक शिक्षक श्री परख शर्मा (कृषि ट्रेड), जिन्होंने इस पूरे प्रशिक्षण कार्यक्रम और व्यावसायिक सत्र का कुशल संयोजन व संचालन किया, उन्होंने बताया:

“इस ट्रेनिंग का मुख्य उद्देश्य बच्चों को कृषि की जमीनी हकीकत और आधुनिक तौर-तरीकों से जोड़ना था। बच्चों ने नर्सरी तैयार करने, पौधों में ग्राफ्टिंग (कलम बांधना), कतरन, पौधों की सुरक्षा और जैविक खाद तैयार करने जैसी महत्वपूर्ण तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया है।”
प्रशिक्षण के समापन पर विद्यालय परिवार और कार्यक्रम संयोजक श्री परख शर्मा ने संजय निकुंज नर्सरी प्रबंधन और मार्गदर्शन देने पहुंचे संजय निकुंज नर्सरी प्रभारी श्रीमती नम्रता रघुवंशी,जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य अरुण तिवारी,कृषि व्याख्याता पी सी शर्मा अजय शर्मा, संजीव पालीवाल, खुशी डेरी फ्रूट्स के मालिक पुनीत कुमार त्यागी,प्रकाश शर्मा विदुषी कौरव, अलोक शर्मा, एवं नर्सरी से मनोहर वर्मा, मुकेश कहार, शिवराम,सभी अधिकारियों के कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *