लोक कलाकारों ने स्थानीय भाषा में ग्रामीणों को दी योजनाओं की जानकारी
प्रभारी मंत्री से संवाद के दौरान लाभार्थियों ने बताएं योजनाओं के लाभ
सरकार संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ आमजन के कल्याण के लिए कर रही काम – मदन दिलावर
सेतरावा,13 मई। ग्राम रथ अभियान के तहत प्रभारी मंत्री मदन दिलावर ने बुधवार को लोहावट विधानसभा की ग्राम पंचायत सेतरावा में संध्या चौपाल लगाते हुए ग्रामीणों से संवाद किया। चौपाल में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं एवं सुझाव मंत्री के समक्ष रखे। प्रभारी मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गांव-गांव तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और ग्राम रथ अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को उनका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। जनसुनवाई के दौरान जलदाय विभाग के अधिकारियों को जलापूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन के लिए निर्बाध एवं सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कहा। इस अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के उत्थान के लिए संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि का मजबूत इको-सिस्टम विकसित करने के लिए कार्य कर रही है और ग्राम-2026 का आयोजन उसी दिशा में एक ठोस कदम है। उन्होंने कहा किसान सम्मान निधि की राशि को 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार रुपये किया गया है। कृषक कल्याण के लिए किसान क्रेडिट कार्ड से 3 लाख रुपए तक का लोन 4 प्रतिशत ब्याज पर मिल रहा हैं। उन्होंने बताया कि 1 लाख 50 हजार रुपए का ब्याज रहित लोन मिल रहा हैं।

उन्होंने बताया कि पशुपालकों के कल्याण हेतु हमारी सरकार मंगला पशु बीमा योजना से 40 हजार रुपए तक बीमा निःशुल्क करवा रही हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में शहरों की तर्ज पर गांव की प्रत्येक गली में सड़क लाइट लगाई जायेगी। सरकार आबादी वाले मंदिरों का पट्टा भी जारी करेंगी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सतनाम सिंह, जनप्रतिनिधि ज्योति ज्याणी, एसीईओ गौतम चौधरी देचू एसडीएम दूदाराम,भाजपा के वरिष्ठ नेता देवीसिंह सेतरावा, फलोदी सीएमएचओ डॉ प्रतापसिंह राठौड़ देचू बीडीओ ईश्वरसिंह , देचू प्रधान सिमरथाराम,सेतरावा संरपच गोपालसिंह, मण्डल अध्यक्ष दानसिंह बुडकियां, कानसिंह देचू,मूलसिंह सेतरावा सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहें।
