एसआई भर्ती परीक्षा 2021 फिर से होगी आयोजित, केवल पुराने अभ्यर्थियों को मिलेगा मौकाराजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने राज्य सरकार की अनुशंसा पर उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2021 को निरस्त कर दिया है। अब यह भर्ती परीक्षा दोबारा कराई जाएगी। आयोग जल्द ही परीक्षा से जुड़ी विस्तृत जानकारी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी करेगा। भर्ती प्रक्रिया 859 पदों के लिए ही आयोजित होगी।
RPSC अध्यक्ष उत्कल रंजन साहू के अनुसार, पुनः आयोजित होने वाली परीक्षा में केवल वही 3 लाख 83 हजार 097 अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने 13 से 15 सितंबर 2021 के बीच आयोजित लिखित परीक्षा के दोनों पेपर दिए थे।
16 मई से आवेदन संशोधन शुरू
आयोग अभ्यर्थियों को पुराने आवेदन पत्रों में जरूरी बदलाव और अपडेट करने का अवसर देगा। आवेदन संशोधन प्रक्रिया 16 मई से शुरू होकर 30 मई 2026 तक चलेगी। इस दौरान उम्मीदवार मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और पत्राचार का पता जैसी जानकारी अपडेट कर सकेंगे।
OTR में KYC अपडेट जरूरी
आवेदन में संशोधन करने से पहले अभ्यर्थियों को अपने वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) में KYC प्रक्रिया पूरी करनी होगी। जिन अभ्यर्थियों ने अपनी SSO ID बदली है, वे फेस एप्लीकेशन फॉर्म विकल्प के जरिए पुराने प्रोफाइल का डेटा नए प्रोफाइल में ट्रांसफर कर सकेंगे।
आयोग ने बताया कि लाइव फोटो, हस्ताक्षर और अंगूठे का निशान OTR से स्वतः प्राप्त हो जाएगा। यदि किसी अभ्यर्थी का KYC पहले से पूरा नहीं है तो उसे पहले यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
