ग्राम रथ अभियान का किया अवलोकन, कला जत्था के माध्यम से योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर दिया जोर
कोटपूतली-बहरोड़, 7 मई। जिला कलक्टर अपर्णा गुप्ता ने कहा कि आमजन की परिवेदनाओं के स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान के लिए रात्रि चौपाल एवं जनसुनवाई के माध्यम से आमजन के बीच जाकर उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता एवं गुणवत्ता के साथ समाधान कर राहत पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए।
जिला कलक्टर ने गुरुवार को उपखंड पावटा के ग्राम सुदरपुरा में आयोजित रात्रि चौपाल में आमजन की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने संपर्क पोर्टल, रात्रि चौपाल एवं जनसुनवाई में प्राप्त होने वाली परिवेदनाओं का समयबद्ध एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
रात्रि चौपाल के दौरान पेयजल एवं विद्युत संबंधी परिवाद प्राप्त होने पर जिला कलक्टर ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग एवं विद्युत निगम के अधिकारियों को ग्रीष्मकाल के मद्देनजर निर्बाध पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान विभिन्न परिवादी सड़क, अतिक्रमण, नाम शुद्धि, सीमांकन, गिरदावरी, पुलिस, चिकित्सा, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा, पट्टा, विद्यालय में विज्ञान संकाय चलाने,शिक्षा एवं पेंशन संबंधी समस्याओं को लेकर पहुंचे। सामान्य प्रकृति के प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को आमजन को योजनाओं की जानकारी सरल एवं सुलभ भाषा में उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। इस दौरान 26 परिवाद प्राप्त हुए।
रात्रि चौपाल के दौरान जिला कलक्टर ने राज्य सरकार द्वारा संचालित ग्राम रथ अभियान का अवलोकन किया तथा संध्या चौपाल में कला जत्था द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार गतिविधियों में भी शामिल हुईं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कला जत्था एवं ग्राम रथ अभियान के माध्यम से आमजन तक योजनाओं की जानकारी प्रभावी एवं सरल तरीके से पहुंचाई जाए, ताकि पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का अधिकाधिक लाभ मिल सके।
जिला कलक्टर ने आमजन से संवाद करते हुए उन्हें जागरूक रहकर राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा अधिकाधिक संख्या में जनसुनवाई एवं रात्रि चौपाल में भागीदारी निभाने की अपील की।
इस अवसर पर एसडीएम साधना शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उपस्थित ग्रामीणों को लोक कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
—00—
