जयपुर दिनांक 04.05.2026। एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी चौकी अलवर प्रथम द्वारा आज कार्यवाही करते हुये श्री कृष्ण अवतार गुप्ता हाल अधिशाषी अभियंता (टीए) कार्यालय अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग अलवर को 25000/- रूपये रिश्वत राशि लेते रंगे हाथो गिरफ्तार किया है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, के महानिदेशक पुलिस श्री गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी अलवर पर परिवादी द्वारा उसके बड़े भाई के पुत्र के नाम से एचपीसीएल कम्पनी का पेट्रोल पम्प लक्ष्मणगढ रोड, स्टेट हाईवे 44 पर ग्राम बरखेडा में स्थापित करने के लिये एलओआई जारी की गई है। उक्त एलओआई/पट्रोल पम्प स्थापित करने के लिये एनओसी जारी करने की एवजं में सार्वजनिक निर्माण विभाग अलवर में पदस्थापित श्री कृष्ण अवतार गुप्ता, अधिशाषी अभियंता (टीए) कार्यालय अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग अलवर द्वारा 40000/- रूपये की रिश्वत मांग कर परेशान किया जा रहा है।
एसीबी चौकी अलवर द्वारा दिनांक 01.05.2026 को सत्यापन करवाया जाने पर आरोपी कृष्ण अवतार गुप्ता ने रिश्वत मांग सत्यापन के समय परिवादी से 10000/- रूपये रिश्वत के लेना तथा 25000/- रूपये की मांग करना पाया गया।
जिस पर श्री भुवन भूषण उप महानिरीक्षक पुलिस-चतुर्थ के सुपरवीजन में ए.सी.बी.चौकी अलवर प्रथम के प्रभारी श्री शब्बीर खान उप अधीक्षक द्वारा आज ट्रेप कार्यवाही करते हुए श्री कृष्ण अवतार गुप्ता हाल अधिशाषी अभियंता (टीए) कार्यालय अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग अलवर को परिवादी से 25000/- रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक श्रीमती एस परिमला के सुपरवीजन में आरोपी से पुछताछ एवं कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्जकर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा।
