एग्री-बिजनेस को बढ़ावा देने हेतु निवेशकों को आमंत्रण

Kotputli-Behror Rajasthan

कोटपूतली-बहरोड़, 2 अप्रैल। राजस्थान को कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में एग्री-बिजनेस का वैश्विक केंद्र बनाने के उद्देश्य से आगामी ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्रैम) की तैयारियां की जा रही हैं। इस आयोजन के अंतर्गत राज्य निवेश पोर्टल के माध्यम से सरकार एवं निवेशकों के बीच अधिक से अधिक समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।

एमओयू के लिए प्रमुख प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में एग्रो प्रोसेसिंग यूनिट, सूक्ष्म सिंचाई, सौर ऊर्जा प्रणालियां, पॉली हाउस संरचनाएं, कोल्ड स्टोरेज, लॉजिस्टिक्स, चेन सप्लाई एवं मूल्य संवर्धन जैसे क्षेत्र शामिल हैं। कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में अनुभव रखने वाले तथा परियोजनाओं को धरातल पर उतारने की पर्याप्त वित्तीय क्षमता वाले उद्यमियों को प्राथमिकता दी जाएगी। निवेशकों का पंजीकरण सहित अन्य समस्त प्रक्रियाएं राज्य निवेश पोर्टल के माध्यम से संपादित की जाएंगी। 23 से 25 मई के मध्य आयोजित होने वाले ग्रैम कार्यक्रम में एमओयू पर हस्ताक्षर प्रस्तावित हैं।

जिले में संभावित निवेशकों एवं उद्यमियों की पहचान कर उन्हें राजस्थान सरकार के साथ समझौता ज्ञापन हेतु प्रेरित किया जा रहा है, ताकि जिले में कृषि एवं उद्यानिकी आधारित निवेश को बढ़ावा देकर विकास की नई संभावनाएं सृजित की जा सकें। एमओयू की अंतिम सूची 4 मई तक प्रेषित की जाएगी।

जिले के सभी इच्छुक निवेशकों एवं उद्यमियों से आह्वान किया गया है कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाते हुए राज्य निवेश पोर्टल पर पंजीकरण कर कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में निवेश के लिए आगे आएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *