कोटपूतली-बहरोड़, 2 मई। नगर परिषद कोटपूतली प्रशासन द्वारा सर्वसाधारण को सूचित किया जाता है कि परिषद क्षेत्र में स्थित विभिन्न भूखंडों/प्लॉटों के खाली स्थानों पर कचरा जमा पाया जा रहा है। ऐसे सभी भूखंड धारकों/प्लॉट मालिकों को निर्देशित किया जाता है कि वे अपने स्तर पर संबंधित भूखंडों की नियमित सफाई सुनिश्चित करें।
आयुक्त नगर परिषद, कोटपूतली अरुण शर्मा ने जानकारी दी कि यदि किसी भी प्लॉट मालिक द्वारा स्वयं के स्तर पर कचरा साफ नहीं कराया जाता है, तो नगर परिषद द्वारा संबंधित स्थल की सफाई करवाई जाएगी। इस कार्य में आने वाला खर्च प्लॉट मालिक से 10 गुना तक वसूला जाएगा।
साथ ही, यदि निर्धारित वसूली राशि जमा नहीं कराई जाती है, तो संबंधित भूखंड धारक/प्लॉट मालिक के विरुद्ध विधि अनुसार कार्यवाही करते हुए नगर परिषद द्वारा संपत्ति सीज करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
अतः सभी नागरिकों से अपील है कि वे अपने भूखंडों की साफ-सफाई बनाए रखें और अनावश्यक कार्यवाही से बचें।
