कोटपूतली-बहरोड़, 1 मई। जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने कहा कि भारत सरकार द्वारा जनगणना-2027 का महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जो भारत की पहली डिजिटल जनगणना होगी जिसमें आंकड़ों का संग्रहण डिजिटल उपकरणों के माध्यम से किया जाएगा। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य 16 मई से 14 जून 2026 तक प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों द्वारा संपादित किया जाएगा। इसमें मकानों की स्थिति, परिवारों को उपलब्ध सुविधाओं एवं परिसम्पत्तियों सम्बधी आंकड़े एकत्रित किये जाएंगे। इस जनगणना के अन्तर्गत अभिनव पहल के तहत स्व गणना (Self-Enumeration) का विकल्प भी 1 मई 2026 से 15 मई 2026 तक प्रदान किया गया है।

जिला कलेक्टर ने शुक्रवार को स्वयं स्व गणना पूर्ण करते हुए आमजन से अपील की है कि जनगणना अभियान के तहत आप सभी ऑन लाईन पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर स्वगणना की इस अभिनव पहल का हिस्सा बन सकते है।
स्व-गणना प्रक्रिया को सरल एवं सुव्यवस्थित बनाने हेतु जारी दिशा-निर्देश
जिले में जनगणना की स्व-गणना प्रक्रिया को सहज, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए विस्तृत चरणबद्ध मार्गदर्शिका जारी की गई है। आमजन से अपील की गई है कि निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए समय पर स्व-गणना पूर्ण करें।

पोर्टल में प्रवेश एवं लॉग-इन
- https://se.census.gov.in पर जाएं।
- अपने राज्य/संघ राज्य क्षेत्र का चयन करें।
- कैप्चा कोड दर्ज कर लॉग-इन करें।
परिवार पंजीकरण
- परिवार के मुखिया का नाम, 10 अंकों का मोबाइल नंबर तथा ई-मेल आईडी (वैकल्पिक) दर्ज करें।
- ध्यान रखें कि परिवार के मुखिया का नाम बाद में परिवर्तित नहीं किया जा सकेगा।
- एक मोबाइल नंबर का उपयोग केवल एक ही परिवार के लिए किया जा सकता है।
भाषा चयन एवं ओटीपी सत्यापन
- अपनी पसंदीदा भाषा का चयन करें।
- पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी दर्ज कर सत्यापन करें।
- चयनित भाषा को बाद में बदला नहीं जा सकेगा।
स्थान संबंधी विवरण
- अपने राज्य का चयन कर पिन कोड दर्ज करें।
- गांव/नगर/स्थानीय क्षेत्र (लोकैलिटी) की जानकारी भरें।
मानचित्र पर स्थान चिह्नित करना
- मानचित्र पर दिए गए मार्कर को ड्रैग कर अपने निवास के सटीक स्थान पर स्थापित करें।
- स्थान की पुष्टि करें।
प्रश्नावली पूर्ण करना
- मकान सूचीकरण एवं जनगणना से संबंधित प्रश्नावली भरें।
- सहायता हेतु दिशानिर्देश, अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs) एवं आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध हैं।
पूर्वावलोकन एवं समीक्षा
- ‘प्रिव्यू’ विकल्प के माध्यम से भरी गई जानकारी की जांच करें।
- आवश्यक संशोधन कर पुनः सत्यापित करें।
- ड्राफ्ट के रूप में सेव करने का विकल्प भी उपलब्ध है।
अंतिम प्रस्तुतिकरण
- ‘पुष्टि करें और सबमिट करें’ पर क्लिक कर अंतिम रूप से जानकारी जमा करें।
- अंतिम सबमिशन के बाद किसी प्रकार का संशोधन संभव नहीं होगा।
स्व-गणना पहचान संख्या (SE ID)
- सफल प्रस्तुतिकरण के बाद 11 अंकों की विशिष्ट SE ID जारी होगी।
- यह SMS एवं ई-मेल के माध्यम से प्राप्त होगी।
प्रगणक (Enumerator) का दौरा
- प्रगणक के घर आने पर उन्हें SE ID प्रदान करें।
- SE ID के मिलान पर जानकारी सत्यापित कर स्वीकार की जाएगी।
- मिलान न होने पर पुनः जानकारी एकत्रित की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आमजन से अनुरोध किया है कि स्व-गणना की इस प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करें, ताकि जनगणना कार्य प्रभावी रूप से संपन्न हो सके।
