जिला कलेक्टर ने किया जनता क्लिनिक, राजकीय विद्यालय और आंगनबाड़ी का निरीक्षण

Kotputli-Behror Rajasthan

कोटपूतली-बहरोड़, 1 मई। जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने शुक्रवार को जिले की विभिन्न आंगनबाड़ियों, विद्यालयों एवं आरोग्य मंदिर (जनता क्लीनिक) का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया एवं आवश्यक निर्देश प्रदान किए।आरोग्य मंदिर में देखी चिकित्सक व्यवस्थाएं

जिला कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर सरुंड में चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मरीजों से संवाद कर दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन को चिकित्सा सुविधाओं का लाभ देने के निर्देश दिये। उन्होंने अस्पताल में आने वाले रागियों को नि:शुल्क दवा एवं नि:शुल्क जांच (बीपी आदि) सुविधाओं की जानकारी लेकर सभी उपकरणों के रखरखाव की व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिये। उन्होंने उपस्थित स्टाफ की जानकारी लेकर नियमित समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा। क्लिनिक में निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल आदि व्यवस्था दुरूस्त करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि आगंतुकों को राजकीय योजनाओं कि जानकारी सरल भाषा में देते हुए उन्हें पात्रतानुसार लाभान्वित करें। उन्होंने गर्मी के मौसम एवं हीट वेव को देखते हुए दवाईयों का पर्याप्त भण्डारण रखने, ड्रगहाउस से समन्वय बनाये रखते हुए समय पर आपूर्ति करने के निर्देश दिये।

सरुंड के राजकीय विद्यालय और आंगनबाड़ी में देखी व्यवस्थाएं

जिला कलेक्टर ने सरुंड के आंगनबाड़ी (नंद घर- वेदांता समूह द्वारा विकसित) और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं रानीवाला के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय एवं आंगनबाड़ी (नंद घर) में शैक्षणिक गुणवत्ता व सुविधाओं का जायजा लेकर आवश्यक निर्देश प्रदान किए। उन्होंने आंगबाड़ी में पोषाहार व विद्यालय में दिए जाने वाले मिड-डे-मील की गुणवत्ता को परखा तथा रसोई का निरीक्षण कर साफ-सफाई व्यवस्था एवं स्टॉक का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि मिड डे मील बनाते समय पोषणयुक्त सामग्री के साथ साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें। निरीक्षण में विद्यार्थियों द्वारा भी नियमित मिड-डे-मील की सराहना की गई।

जिला कलेक्टर ने कक्षा कक्षों में जाकर विद्यार्थियों के शैक्षणिक गुणवत्ता को परखा तथा बच्चों से घुलमिलकर शिक्षक की भांति नियमित रूप से पढाऐ जाने वाले विषयों के प्रश्न पूछे तथा होमवर्क का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षिका बनकर गणित के कई गुर भी छात्रों को सिखाए।

इस दौरान उन्होंने संधारित रजिस्टर, उपस्थिति पंजिका, पोर्टल अपडेशन, सेनेटरी पैड वितरण कार्यों की भी समीक्षा की। जिला कलेक्टर ने केन्द्रों पर सुंदर पेंटिंग्स, दी जा रही डिजिटल शिक्षा, साफ़ सफ़ाई, व्यवस्थित शौचालय एवं उचित व्यवस्था के लिए विद्यालय प्रशासन एवं आंगनबाड़ी वर्कर की सराहना की।

इस दौरान सीएमएचओ डॉ. आशीष सिंह शेखावत, उप निदेशक आईसीडीएस सतपाल यादव, सीबीईओ पूरण मल एवं विद्यालय प्राचार्य व आंगनबाड़ी वर्कर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *