बहरोड़, 10 सितंबर। समाजसेवा और मानव सेवा के क्षेत्र में लगातार सक्रिय टीम वक्त पे रक्त के संस्थापक एवं रक्तवीर राकेश जयपाल ने बुधवार को अपने जीवन का 81वां रक्तदान किया। उन्होंने नीमराना स्थित निजी अस्पताल में आपात स्थिति में भर्ती एक जरूरतमंद मरीज के लिए ओ पॉजिटिव प्लेटलेट्स दान किए।

जानकारी के अनुसार, हरियाणा के नारनौल निवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग मरीज को आपात स्थिति में ओ पॉजिटिव प्लेटलेट्स की आवश्यकता थी। मरीज के परिजन करीब 12 घंटे से प्लेटलेट्स की व्यवस्था के लिए परेशान थे। इसकी सूचना राकेश जयपाल को मिलते ही वे तत्काल अस्पताल पहुंचे और प्लेटलेट्स दान कर मरीज की मदद की।
राकेश जयपाल पिछले 15 वर्षों से जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए लगातार रक्तदान करते आ रहे हैं। 81वीं बार रक्तदान करने के बाद उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। रक्तदान करने से किसी प्रकार का नुकसान नहीं होता, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति की जिंदगी बचाने में मदद मिलती है।
उन्होंने युवाओं से भी नियमित रूप से रक्तदान कर मानव सेवा में योगदान देने की अपील की।
