नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव : युवाओं ने दिया जागरूकता का संदेश

National

नारनौल। रेड क्रॉस भवन नारनौल में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना तथा स्वस्थ, सकारात्मक और जिम्मेदार समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

कार्यक्रम में सरिता, इंदु, मुस्कान, पूजा, हिमांशी, यशवती, कशिश, अंशु, गरिमा, खुशी और कल्पना सहित युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी प्राप्त की और समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया।

रेड क्रॉस की ओर से कौशल शर्मा एवं विशाल ने युवाओं को नशे से होने वाले सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति है और यदि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, सेवा और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ें तो देश के विकास को नई गति मिल सकती है।

कल्पना शर्मा ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। युवाओं को नशे से दूर रहकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने के साथ-साथ दूसरों को भी जागरूक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक युवा की भूमिका महत्वपूर्ण है।

कशिश ने कहा कि स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच ही सफलता की पहली सीढ़ी है। युवाओं को नशे की बजाय खेल, शिक्षा, सामाजिक सेवा और रचनात्मक गतिविधियों को अपनाना चाहिए। उन्होंने सभी युवाओं से नशे के खिलाफ एकजुट होकर जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान खुशी सैनी, इंदु सहित अन्य प्रतिभागियों ने भी नशामुक्त समाज बनाने के लिए अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में युवाओं ने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और समाज को स्वस्थ एवं खुशहाल बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *