मोलावास। सावन माह के पावन अवसर पर मंगलवार को ग्राम मोलावास पूरी तरह शिवभक्ति में डूबा नजर आया। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर लौटे तीन अलग-अलग डाक कांवड़ दलों ने गांव पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक किया। वहीं, गांव से झूला कांवड़ लेने गए 5 कांवड़ियों के दल ने भी गंगाजल अर्पित कर भगवान शिव का अभिषेक किया।

लेखक दीपदीपिका मोलावास ने बताया कि सावन माह में ग्राम मोलावास से तीन अलग-अलग डाक कांवड़ दल हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेने के लिए रवाना हुए थे। तीनों दल अपनी यात्रा सकुशल पूरी कर गांव पहुंचे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इनके साथ ही गांव से झूला कांवड़ लेने गए 5 कांवड़ियों के दल ने भी गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक किया।

कांवड़ियों के स्वागत में हुई पुष्पवर्षा
कांवड़ यात्रियों के गांव पहुंचने पर वर्तमान सरपंच अजित यादव ने ग्रामवासियों के साथ कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया। स्वागत के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामवासी और मातृशक्ति मौजूद रही। कांवड़ियों के गांव पहुंचते ही माहौल भक्तिमय हो गया और श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ उनका स्वागत किया।

हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा गांव
कांवड़ियों के स्वागत और जलाभिषेक के दौरान पूरा मोलावास ‘हर-हर महादेव’, ‘बोल बम’ और ‘जय भोलेनाथ’ के जयकारों से गूंज उठा। डीजे पर बज रहे भोलेनाथ के भजनों ने माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए और गांव की गलियों से लेकर शिव मंदिर परिसर तक शिवभक्ति की गूंज सुनाई देती रही।

इस दौरान मोलावास ग्राम के समस्त ग्रामवासी एवं मातृशक्ति मौजूद रही। कांवड़ियों की सकुशल वापसी और भगवान शिव के जलाभिषेक के साथ मोलावास में सावन का यह आयोजन श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का विशेष केंद्र बना रहा।
