बहरोड़ सदर थाना पुलिस की कार्रवाई, चोरी के आरोपी को किया गिरफ्तार; अवैध खनन पर भी शिकंजा
बहरोड़। पुलिस थाना बहरोड़ सदर ने संगठित अपराधियों एवं अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चोरी के मामले का 48 घंटे में खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी हुआ फार्मट्रेक-45 ट्रैक्टर (RJ 02 RD 7241) व पोल लगाने की मशीन बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी गजेन्द्र सिंह (20) निवासी भयाड़ी, थाना बड़ौदामेव, जिला अलवर को गिरफ्तार किया गया। चोरी की वारदात 3 अगस्त को हुई थी, जिसके संबंध में 5 अगस्त को बहरोड़ सदर थाने में मामला दर्ज कराया गया था। पुलिस टीम ने खैरथल-तिजारा, अलवर सहित आसपास के क्षेत्रों में तलाश कर आरोपी तक पहुंच बनाई।
वहीं, 9 अगस्त को नांगल खोड़िया में मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए लाल रंग का महिंद्रा 415 DI ट्रैक्टर मय ट्रॉली जब्त किया गया, जिसमें करीब 60 मन चेजा पत्थर भरा हुआ था। पुलिस ने अवैध खनन के मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक कोटपूतली-बहरोड़ सतवीर सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार खींची के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी बहरोड़ सचिन शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी मनोहर लाल के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
