बानसूर। बानसूर विधानसभा क्षेत्र के बूटेरी गांव में शनिवार को विकास कार्यों को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बानसूर विधायक देवीसिंह शेखावत ने करीब 2 करोड़ रुपए की लागत से 90 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। विधायक देवीसिंह शेखावत ने कहा कि बानसूर विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति देना उनकी प्राथमिकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, पेयजल, बिजली, कृषि सहित मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचे, इसके लिए आवश्यकता के अनुसार नए कार्य स्वीकृत करवाए जा रहे हैं। गांवों के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी और क्षेत्र की जरूरत के अनुसार चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य करवाए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने ग्रामीणों से क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा सहित विभिन्न समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। विधायक ने संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
विधायक ने कहा कि सरकार की विकास योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार एवं जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता है। आने वाले समय में भी बानसूर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
