ताऊ के साथ पढ़ने की इच्छा पूरी नहीं होने पर किशोर ने दी जान

National

बानसूर। थाना क्षेत्र के बिसालु गांव में 15 वर्षीय एक छात्र ने कथित रूप से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना से पूरे परिवार में शोक की लहर है। मृतक गांव के राजकीय विद्यालय में कक्षा 10 का छात्र था। परिजनों के अनुसार, छात्र के पिता मजदूरी कर मकान चिनाई का कार्य करते हैं, जबकि बड़ा भाई कक्षा 12 में अध्ययनरत है। मृतक के ताऊ झालावाड़ जिले में राजकीय शिक्षक हैं और अपने परिवार के साथ वहीं रहते हैं। गर्मी की छुट्टियों में वे गांव आए थे। छात्र पहले भी कई बार उनके साथ झालावाड़ जा चुका था और ताऊ के बच्चों के साथ उसका गहरा लगाव था। वह इस बार भी उनके साथ झालावाड़ जाकर वहीं पढ़ाई करना चाहता था। परिजनों ने बताया कि छात्र की मां की तबीयत लंबे समय से ठीक नहीं रहती और पिता काम के सिलसिले में अधिकतर घर से बाहर रहते हैं। ऐसे में ताऊ ने उसे गांव के विद्यालय में ही पढ़ाई जारी रखने की समझाइश दी। मंगलवार सुबह ताऊ अपने परिवार के साथ झालावाड़ रवाना हो गए। बताया गया कि शाम को ताऊ के बच्चों ने झालावाड़ पहुंचने के बाद छात्र से बात करने के लिए उसके बड़े भाई को फोन किया। जब बड़ा भाई उसे बुलाने कमरे में पहुंचा तो वह फंदे से लटका मिला। सूचना पर परिजनों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। यदि आपके आसपास कोई बच्चा या किशोर लगातार उदास, निराश या भावनात्मक तनाव में दिखाई दे, तो उसकी बात गंभीरता से सुनना, परिवार और शिक्षकों का सहयोग लेना तथा समय पर मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श कराना बेहद महत्वपूर्ण हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *