02 जुलाई 26
जयपुर : राजस्थान में लंबे इंतजार के बाद मानसून अब दस्तक देने के लिए तैयार है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून बुधवार को मध्य प्रदेश से लगी राजस्थान की सीमा तक पहुंच चुका है और अगले 24 घंटों में राज्य में इसकी औपचारिक एंट्री होने की संभावना है। मानसून के करीब पहुंचने के साथ ही कोटा, भरतपुर, करौली और जयपुर सहित कई क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां बढ़ गई हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार पूर्वी भारत और बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मानसूनी सिस्टम के कारण मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से राजस्थान के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में बारिश दर्ज की गई है। विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 25 जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है।
जयपुर के लिए मौसम विभाग ने राहत भरा अनुमान जताया है…
विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून की एंट्री के बाद जुलाई के शुरुआती दो सप्ताह में राजधानी में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। पहले और दूसरे सप्ताह में अच्छी बारिश की संभावना है, जबकि महीने के तीसरे और चौथे सप्ताह में मानसून की गतिविधियां कुछ कमजोर पड़ सकती हैं। ऐसे में गर्मी और उमस फिर से बढ़ने के आसार रहेंगे।
दूसरी ओर, राजस्थान-पाकिस्तान सीमा से सटे जिलों में अभी भी भीषण गर्मी का असर बना हुआ है..!
बुधवार को राज्य का सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा कई जिलों में उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ाई। मौसम विभाग का मानना है कि मानसून की एंट्री के बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दायरा बढ़ेगा, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। किसानों के लिए भी यह बारिश फायदेमंद साबित हो सकती है, क्योंकि खरीफ फसलों की बुवाई का समय शुरू हो चुका है। फिलहाल सभी की नजरें अगले 24 घंटों पर टिकी हैं, जब मानसून राजस्थान में पूरी तरह प्रवेश कर सकता है….।।।
