जयपुर।प्राइवेट पेट्रोलियम कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की दरें घटा दी हैं। कंपनी ने पेट्रोल में 5 रुपए प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपए प्रति लीटर की कटौती की है।
नई रेट बुधवार सुबह से प्रदेशभर में लागू कर दी गई हैं। अब जयपुर में प्रति लीटर पेट्रोल की कीमत 110 रुपए 2 पैसे से घटकर 105 रुपए 2 पैसे हो गई है।

जबकि डीजल की कीमत 93 रुपए 41 पैसे से घटकर 90 रुपए 41 पैसे पर आ गई है। नई रेट लागू होने के बाद बाद नायरा कंपनी के तेल की कीमत सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों से प्रति लीटर काफी कम हो गई हैं।
राजस्थान में नायरा के 900 पेट्रोल पंप
प्रदेश में नायरा के 900 से ज्यादा फ्यूल पंप हैं, जबकि देशभर में कंपनी के 6700 से ज्यादा पेट्रोल पंप हैं। ऐसे में कीमतों में कटौती का असर बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।
खासकर ट्रांसपोर्ट सेक्टर, टैक्सी-ऑटो ड्राइवरों और रोजाना वाहन इस्तेमाल करने वाले लोगों की जेब पर इसका अतिरिक्त बोझ बढ़ सकता है।
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और ऑपरेटिंग लागत में कमी जैसे कारण माने जा रहे हैं।
200 लीटर डीजल भरने की सीमा खत्म
इसके साथ ही सभी तेल कंपनियों ने अब पेट्रोल पंपों पर एक गाड़ी में एक दिन में सिर्फ 200 लीटर डीजल भरने की सीमा खत्म हो गई है, यानी अब आप अपनी गाड़ी में जितना चाहें उतना डीजल भरवा सकेंगे।
इसके साथ ही फैक्ट्रियों और कॉमर्शियल खरीदारों पर लगी रोक भी हटा दी गई है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने 11 जून को पेट्रोल-डीजल की किल्लत की वजह से ये पाबंदियां लगाई थीं, जिन्हें सप्लाई सुधरने के बाद 29 जून के नए आदेश के जरिए वापस ले लिया गया है।
3 महीने बाद पेट्रोल-डीजल सस्ता
कंपनी ने 26 मार्च 2026 को राजस्थान में पेट्रोल-डीजल की रेट में 5 और 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। जानकारी के अनुसार तेल की कीमतों में बदलाव ईरान युद्ध के कारण हुआ था।
दरअसल, अमेरिका और ईरान जंग के चलते ये 100 डॉलर के पार निकल गया था। तनाव अब कम हो रहा है, जिससे दाम घटे हैं। अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम 73 डॉलर प्रति बैरल पर आ गए हैं।
पेट्रोल में करीब साढ़े सात रुपए प्रति लीटर का अंतर
राजस्थान में तीनों सरकारी पेट्रोलियम कंपनियां पेट्रोल प्रति लीटर का औसतन 112.66 रुपए में बेच रही हैं। वहीं, डीजल की कीमत करीब 97.78 रुपए प्रति लीटर हैं।
जबकि, नायरा कंपनी के पेट्रोल और डीजल सरकारी कंपनियों से करीब 7.46 और 7.37 रुपए प्रति लीटर सस्ते हैं।
मई में सरकारी कंपनियों ने की थी बढ़ोतरी..ये खबर पढ़िए
जयपुर में पेट्रोल 2.82, डीजल 2.73 रुपए महंगा:महीने में चौथी बार बढ़ीं कीमतें, पेट्रोल अब 112.66 और डीजल 97.78 रुपए प्रति लीटर हुआ
मई 2026 में सरकारी कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में चार बार बढ़ोतरी की थी। आखिरी कीमतों में बढ़ोतरी के बाद से जयपुर में जयपुर में पेट्रोल की कीमत 112.66 और डीजल की कीमत 97.78 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है।
