बेटी आई… खुशियां लाई! पटाखों की गूंज के बीच हुआ नन्ही बिटिया ओजस्वी का भव्य गृह प्रवेश

National

नीमराना। बेटी के जन्म को लेकर समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने वाली एक खूबसूरत मिसाल नीमराना में देखने को मिली सोनू देवी एवं जितेंद्र, निशा मोबाइल सेंटर परिवार में नन्ही बिटिया के जन्म पर ऐसा शानदार जश्न मनाया गया, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

बिटिया के घर आगमन पर परिवार ने जमकर खुशियां मनाईं। पटाखे छोड़े गए, केक काटा गया और मिठाइयां बांटकर बेटी के जन्म का उत्सव मनाया गया। परिवार के लिए यह पल बेहद खास और यादगार रहा।

रोली से सहेजे नन्हे शुभ कदम

बिटिया के गृह प्रवेश का पल सबसे खास रहा। घर में पहली बार कदम रखते समय उसके नन्हे-नन्हे पैरों को रोली से छापकर टॉवल पर सुरक्षित रखा गया। परिवार ने इन शुभ कदमों की छाप को हमेशा के लिए यादगार बना लिया।

बेटी के सम्मान का दिया खूबसूरत संदेश

परिवार के इस अनोखे अंदाज ने समाज को भी एक सकारात्मक संदेश दिया। जिस उत्साह और गर्व के साथ अक्सर बेटे के जन्म पर खुशियां मनाई जाती हैं, उसी से भी बढ़कर इस परिवार ने अपनी बेटी का स्वागत किया।

परिवार ने संदेश दिया कि बेटी किसी भी मायने में बेटे से कम नहीं है। बेटी का जन्म बोझ नहीं, बल्कि परिवार के लिए खुशी, सौभाग्य और गर्व का अवसर है।

बेटी के जन्म पर मनाया गया यह अनोखा जश्न आसपास के लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। परिवार की यह पहल निश्चित रूप से बेटियों के सम्मान और समानता की सोच को मजबूत करने वाली प्रेरणादायक मिसाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *