बेजुबान पशुओं के लिए युवाओं की अनूठी पहल: नयान गांव में वर्षों से सूखी पड़ी खेली में भरा पानी, सेवा अभियान बना मिसाल

National

नांगल चौधरी।भीषण गर्मी के बीच जहां एक ओर बेजुबान पशु पानी की तलाश में भटकते है वहीं युवा साथी ग्रुप हरियाणा एवं उड़ान जनसेवा ट्रस्ट ढाणी बाठोठा की नांगल चौधरी टीम लगातार मानवता और जीव सेवा का संदेश दे रही है। टीम ने गांव नयान में वर्षों से सूखी पड़ी खेली को दोबारा जीवंत करते हुए उसकी सफाई करवाई और टैंकर की सहायता से उसमें पानी भरवाया ताकि आसपास के पशुओं को पीने के लिए स्वच्छ पानी उपलब्ध हो सके।

इस सेवा कार्य में हस्ती देवी जनकल्याण समिति का भी सराहनीय सहयोग रहा। अभियान का नेतृत्व योगेश सैनी ने किया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में बेजुबान पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने बताया कि टीम भविष्य में भी विभिन्न गांवों में ऐसी सूखी खेलियों और जल स्रोतों को चिन्हित कर उन्हें पुनः उपयोगी बनाने का कार्य जारी रखेगी।

सफाई करके डाला पानी
सेवा अभियान के दौरान सबसे पहले युवाओं ने श्रमदान करते हुए खेली की पूरी सफाई की। इसके बाद टैंकर मंगवाकर उसमें पानी डाला गया। जिससे गाय, बैल, नीलगाय तथा अन्य पशुओं को राहत मिल सके। इस अवसर पर हितू गुर्जर, मोहन, नितिन, कुलदीप सैनी, चिराग और गोलू चौहान सहित कई युवा पूरे उत्साह के साथ सेवा कार्य में जुटे रहे।

गर्मी के दिनों में पशुओं के लिए करे पानी की व्यवस्था
कुलदीप सैनी ने कहा समाज सेवा का सबसे बड़ा रूप बेजुबान जीवों की सेवा है। यदि हमारी छोटी-सी मेहनत से किसी पशु की प्यास बुझती है तो इससे बड़ा संतोष कोई नहीं हो सकता। हम सभी युवाओं से अपील करते है कि अपने आसपास ऐसे जल स्रोतों की देखभाल करे और गर्मी के दिनों में पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था अवश्य करे।

हर गांव के युवा करे प्रयास
चिराग ने कहा हमारा उद्देश्य केवल एक खेली में पानी भरना नहीं बल्कि समाज में जीवों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देना है। यदि हर गांव के युवा मिलकर इस तरह का एक एक प्रयास करें तो गर्मी के मौसम में हजारों बेजुबान पशुओं को राहत मिल सकती है। ग्रामीणों ने युवाओं की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ नई पीढ़ी को मानवता, पर्यावरण संरक्षण और जीवों के प्रति करुणा का संदेश भी देते है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *