कोटपूतली।प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार, कोटपूतली में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा महंगाई और बिगड़ी कानून व्यवस्था के खिलाफ एक विशाल जनजागरण अभियान और विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। ब्लॉक अध्यक्ष प्रकाश चंद सैनी (पूर्व चेयरमैन) की अध्यक्षता और विधानसभा प्रभारी डॉ. विनोद कुमारी सांगवान के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने उपखंड अधिकारी (SDM) कार्यालय पहुंचकर महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान पेट्रोल-डीजल व गैस की बढ़ती कीमतों, अघोषित बिजली कटौती, पेयजल संकट, बदहाल सफाई व्यवस्था और शहर में जाम नालों जैसी समस्याओं पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया। कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई के लिए केंद्र सरकार की गलत नीतियों को जिम्मेदार ठहराते हुए प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग की

पूर्व संसदीय सचिव रामस्वरूप कसाणा ने पत्रकारों से बातचीत में भाजपा पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा, “जब डॉलर के मुकाबले रुपया गिरता था, तब मोदी जी इसे देश की इज्जत से जोड़ते थे। आज जब डॉलर 100 के करीब है, तो जनता पूछ रही है कि अब किसकी इज्जत गिर रही है?” उन्होंने नीट (NEET) परीक्षा लीक मामले, बेरोजगारी और बेलगाम महंगाई को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया।

संगठन महामंत्री वी.के. नवल ने भाजपा सरकार को अकर्मण्य और भ्रष्टाचार में डूबी हुई करार दिया। प्रदर्शन में शामिल वक्ताओं ने राज्य सरकार से पेट्रोल-डीजल पर वैट कम कर जनता को राहत देने की मांग की।इस दौरान रामनिवास यादव, जगदीश मीना (प्रदेश महासचिव), रमेश गुप्ता, डॉ. अभिलाष मीणा, कविता टोरड़ा, भीम पटेल, सावत गुर्जर, रघुवीर सिंह यादव, मंजू रावत,रेखा यादव हनुमान सैनी, जगदीश मीणा खेलना, मुनानुदीन कुरैशी, एडवोकेट सतीश निमोरिया, सुभाष चंद भारद्वाज, गोकुल आर्य सहित अनेक वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
