नारनौल।04 जून को रेड क्रॉस सोसाइटी नारनौल में युवा साथी ग्रुप हरियाणा एवं उड़ान जनसेवा ट्रस्ट ढाणी बाठोठा द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर को लेकर माजरा धाम के संत सुमित गिरी महाराज ने युवाओं एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने का आह्वान किया। महाराज ने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और रक्तदान महादान के समान पुण्य कार्य है।

उन्होंने कहा कि हमारे द्वारा किया गया एक छोटा सा प्रयास किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। इसलिए सभी युवा निस्वार्थ भाव से आगे आएं और रक्तदान कर समाज सेवा में अपनी भागीदारी निभाएं। यदि युवा शक्ति मानवता के कार्यों में आगे बढ़ेगी तो समाज में सकारात्मक बदलाव अवश्य आएगा। रक्तदान जैसे सेवा कार्य समाज में भाईचारे और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं। सुमित गिरी महाराज ने सभी श्रद्धालुओं एवं युवाओं से 04 जून को आयोजित रक्तदान शिविर में पहुंचकर रक्तदान करने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। इस अवसर पर युवा साथी ग्रुप हरियाणा और उड़ान जनसेवा ट्रस्ट ढाणी बाठोठा के सदस्यों ने भी अधिक से अधिक लोगों से शिविर में भाग लेने का आग्रह किया।
