नीमकाथाना।नगर पालिका ईओ रणजीत सिंह के अथक प्रयासों और शहर के प्रबुद्ध नागरिकों के सहयोग से नीमकाथाना अब स्वच्छ और सुंदर दिखने लगा है। इस स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी नागरिकों का नगर पालिका प्रशासन आभार व्यक्त करता है।
नगर पालिका ने सूचित किया है कि शहर में सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कचरा संग्रहण हेतु ट्रैक्टर-ट्रॉली और सफाई जमादार सदैव तत्पर हैं। शहर के अधिकांश व्यापारी और आमजन व्यवस्था का पालन कर रहे हैं, किंतु यह संज्ञान में आया है कि कुछ व्यवसायी और फल-सब्जी विक्रेता इस सफाई व्यवस्था के प्रति उदासीन हैं।

असामाजिक तत्वों को अंतिम चेतावनी
अत्यंत खेद का विषय है कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा देर रात सड़कों के बीचों-बीच सड़ी-गली सब्जियां और कचरा फेंका जा रहा है। यह कृत्य शहर की स्वच्छता को धूमिल करने वाला है। नगर पालिका प्रशासन ऐसे लोगों को आगाह करता है कि स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
नगर पालिका प्रशासन की ओर से यह अंतिम चेतावनी है कि यदि आगे से सड़कों पर कचरा फैलाते हुए कोई भी पाया गया, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार भारी जुर्माना (चालान) किया जाएगा और आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।
शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में अपना सहयोग प्रदान करें।
