भीषण गर्मी में पशु-पक्षियों के लिए आगे आए युवा
नांगल चौधरी। शहर के वार्ड नंबर-8 में वर्षों से खाली और गंदगी से अटी पड़ी पानी की खेलियों को युवाओं ने साफ कर उनमें दोबारा पानी भरवाने का सराहनीय कार्य किया। भीषण गर्मी के बीच जीव-जंतुओं और आवारा पशुओं को राहत देने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। इस सामाजिक पहल को युवा साथी ग्रुप हरियाणा और उड़ान जनसेवा ट्रस्ट ढाणी बाठोठा द्वारा संयुक्त रूप से अंजाम दिया गया।
अभियान चलाकर खेलियों को बनाया उपयोगी
संस्था के सदस्यों ने सबसे पहले खेलियों में जमा मिट्टी, कचरा और गंदगी को साफ किया। इसके बाद पानी की उचित व्यवस्था कर खेलियों को भरवाया गया ताकि गर्मी में पशु-पक्षियों को पानी के लिए भटकना न पड़े। स्थानीय लोगों ने भी युवाओं की इस पहल की सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

युवाओं ने संभाली सामाजिक जिम्मेदारी
इस अभियान में योगेश सैनी, कुलदीप, तनुज, अमित सैनी और बलवीर ने सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं वार्ड नंबर-8 के नगर पार्षद होशियार सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर युवाओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था करना पुण्य का कार्य है और समाज के हर व्यक्ति को इसमें भागीदारी निभानी चाहिए।
लगातार जारी रहेगी मुहिम
संस्था के सदस्यों ने बताया कि यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि पूरे गर्मी के मौसम में लगातार चलाया जाएगा। जहां-जहां पानी की कमी दिखाई देगी । वहां खेलियों और अन्य जल स्रोतों को साफ कर पानी उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा।
योगेश सैनी ने दिया समाज को संदेश
युवा साथी ग्रुप हरियाणा और उड़ान जनसेवा ट्रस्ट के सदस्य योगेश सैनी ने कहा भीषण गर्मी केवल इंसानों के लिए ही नहीं बल्कि पशु-पक्षियों के लिए भी बड़ी चुनौती बन जाती है। कई बार पानी नहीं मिलने के कारण बेजुबान जीव तड़पते रहते है। हमारी कोशिश है कि समाज के लोग आगे आएं और अपने आसपास पानी की व्यवस्था करें। छोटी-छोटी पहल से भी बड़े बदलाव संभव है ।

लोगों से सहयोग की अपील
संस्था ने क्षेत्रवासियों से भी अपील की कि वे अपने घरों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर पानी के बर्तन रखें ताकि गर्मी में पक्षियों और पशुओं को राहत मिल सके। युवाओं की इस पहल से क्षेत्र में सामाजिक जागरूकता का सकारात्मक संदेश देखने को मिला।
