आगामी जन अभियानों को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित

National

वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान, हरियालो राजस्थान एवं कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान की तैयारियों की समीक्षा

कोटपूतली-बहरोड़, 14 मई। जिला कलक्टर अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित कर आगामी जन अभियानों की तैयारियों एवं कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान, कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान, हरियालो राजस्थान सहित विभिन्न अभियानों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विभागवार तैयारियों पर चर्चा की गई।

जिला कलक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियानों को सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित ये अभियान जनहित एवं जनजागरूकता से जुड़े महत्वपूर्ण अभियान हैं, जिनमें आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जानी आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान के उद्देश्यों एवं लाभों को गांव-गांव और आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जाए।

25 मई से प्रारंभ होगा वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान

बैठक में जिला कलक्टर ने बताया कि गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 25 मई से 5 जून तक जिलेभर में आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि अभियान के अंतर्गत अधिकाधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करते हुए जल संरक्षण के प्रति व्यापक जागरूकता पैदा की जाए।

जिला कलक्टर ने कहा कि वर्तमान समय में जल संरक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है और प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही जल बचाने के उद्देश्य को सार्थक बनाया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को विद्यालयों, ग्राम पंचायतों एवं विभिन्न संस्थानों के माध्यम से जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए।

हरियालो राजस्थान अभियान की तैयारियों पर जोर

बैठक में हरियालो राजस्थान अभियान के अंतर्गत विभागवार लक्ष्यों एवं पौधरोपण कार्यों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने सभी विभागों को अभियान प्रारंभ होने से पूर्व पौधरोपण स्थलों का चयन, गड्ढा खुदाई एवं अन्य आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण बढ़ाने के लिए पौधरोपण अभियान को जन आंदोलन के रूप में संचालित किया जाए।

कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान पर भी हुई चर्चा

बैठक में कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के अंतर्गत प्रवासी जनों की सहभागिता एवं विकास कार्यों में सहयोग को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को अभियान के सफल संचालन हेतु आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ओमप्रकाश सहारण, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद जगदीश कुमार, नगर परिषद आयुक्त अरुण शर्मा सहित सभी संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

—०—-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *