भामोद एवं कुकड़ेला में मुख्य राइजिंग पाइपलाइन से जुड़े करीब 30 अवैध कनेक्शन काटे, पेयजल आपूर्ति हुई सुचारू
कोटपूतली-बहरोड़, 14 मई। उपखंड विराटनगर के ग्राम भामोद एवं कुकड़ेला में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा अवैध जल कनेक्शनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की गई। विभागीय टीम ने पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में मुख्य राइजिंग पाइपलाइन से किए गए लगभग 30 अवैध कनेक्शनों को काटकर पेयजल आपूर्ति को सुचारू किया।

कार्रवाई के दौरान विभागीय अधिकारियों ने बताया कि मुख्य राइजिंग पाइपलाइन से अवैध रूप से किए गए कनेक्शनों के कारण क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही थी, जिससे आमजन को पर्याप्त जल उपलब्ध नहीं हो पा रहा था। शिकायतें प्राप्त होने के बाद विभाग द्वारा मौके पर जांच कर कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की टीम ने पुलिस प्रशासन के सहयोग से अवैध कनेक्शनों को हटाया तथा संबंधित कनेक्शन धारियों को नोटिस जारी किए। विभाग द्वारा भविष्य में इस प्रकार के अवैध कनेक्शन नहीं करने की चेतावनी भी दी गई है।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन आमजन को निर्बाध एवं सुचारू पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। पेयजल व्यवस्था को प्रभावित करने वाले अवैध कनेक्शनों एवं जल चोरी के मामलों में आगे भी नियमित कार्रवाई जारी रहेगी।

विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे जल संरक्षण को बढ़ावा दें तथा किसी भी प्रकार के अवैध जल कनेक्शन अथवा जल चोरी की सूचना संबंधित विभाग को उपलब्ध कराएं, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
