जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में पंचायती राज विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित

National

कोटपूतली-बहरोड़, 8 मई। कोटपूतली जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता में पंचायती राज विभाग की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला कलेक्टर ने योजनाओं में गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान के तहत जिले में चल रहे कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश प्रदान किए। कलेक्टर ने मूलभूत सुविधाओं जैसे सड़क, नाली, सामुदायिक भवन के कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया। मनरेगा (वीबी जी राम जी) ग्रामीण के तहत श्रम बजट, मानव दिवस सृजन, पूर्ण एवं प्रगतिरत कार्यों की स्थिति पर चर्चा हुई। लंबित मस्टररोल भुगतान एवं जॉब कार्ड सत्यापन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत स्वीकृत आवासों के निर्माण की वर्तमान स्थिति, प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय किस्त के भुगतान तथा अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने पर जोर दिया गया। लाभार्थियों से नियमित संपर्क रखने को कहा गया। स्वामित्व योजना प्रगति रिपोर्ट ड्रोन सर्वे, प्रॉपर्टी कार्ड वितरण एवं नक्शा निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने शेष रही ग्राम पंचायतों में सर्वे कार्य 15 दिवस में पूर्ण कर प्रॉपर्टी कार्ड वितरित करने के निर्देश दिए।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव योजना के तहत चयनित गांवों में आजीविका संवर्धन, कौशल विकास एवं परिवारों को गरीबी रेखा से ऊपर लाने हेतु किए जा रहे प्रयासों की जानकारी लेकर कार्य में गति लाने को कहा। अटल ज्ञान केंद्र प्रगति सूचना जिले में स्थापित अटल ज्ञान केंद्रों के संचालन, पुस्तकों की उपलब्धता एवं डिजिटल संसाधनों के उपयोग की समीक्षा की गई। केंद्रों पर युवाओं की भागीदारी बढ़ाने हेतु विशेष प्रयास करने को कहा गया। स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण, आईएचएचएल रिर्पोट, शौचालय विहीन परिवारों का शत-प्रतिशत आच्छादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। महिलाओं के लिए चिन्हित स्थानों पर पिंक टॉयलेट निर्माण कार्य की गति बढ़ाने हेतु निर्देशित किया गया। कम्युनिटी सैनिटरी कॉम्पलेक्स निर्मित सीएससी का नियमित संचालन-संधारण एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा साथ ही प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट स्थापना एवं प्लास्टिक कचरा संग्रहण-संसाधन की कार्ययोजना की समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0 के तहत जल संरक्षण संरचनाओं जैसे तालाब, एनीकट निर्माण की प्रगति देखी। मानसून पूर्व सभी कार्यों को पूर्ण करने तथा जन सहभागिता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। राजीविका फ्लैगशिप योजनाएं स्वयं सहायता समूहों के गठन, बैंक लिंकेज, आजीविका गतिविधियों एवं लखपति दीदी योजना की प्रगति पर चर्चा हुई। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने हेतु नए समूहों के गठन में तेजी लाने को कहा गया।

बैठक में जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने कहा कि सभी अधिकारी योजनाओं का धरातल पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करें ताकि अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद (चार्ज) जगदीश कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

–०००–

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *